आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का हुआ सम्मान, सेवा भाव की सराहना।

कोलारस। समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और वंदनीय है। वे बिना थके सेवा भाव से समाज की नींव मजबूत कर रही हैं। यह बात कोलारस नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे ने वार्ड क्रमांक 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रचना प्रजापति, सहायिका पीर कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का पुष्पमाला भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण और निष्ठा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश एवं केंद्र सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। पूर्व नप अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे ने हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी, जिसके बाद सभी हितग्राहियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगल कुशवाह, मंडल महामंत्री नबल सोलंकी, संदीप चंदेल सहित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।