तहसीलदार विजय कुमार त्यागी की पहल से बदली तस्वीर शासकीय स्कूल तक पहुंचा रास्ता, ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान।


कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार, निजी किसानों की सहमति से जेसीबी से बनवाया 20 फीट चौड़ा मार्ग जमीन देने वाले किसानों की दरियादिली की भी हो रही सराहना

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी के नरवर में इन दिनों राजस्व विभाग की प्रशासनिक जिम्मेदारी केवल सरकारी आदेशों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को समझकर उनका संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ समाधान करना भी एक अच्छे अधिकारी की पहचान बनी हुई है। नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने एक बार फिर अपनी सक्रिय कार्यशैली और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ग्राम किशनपुर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के रास्ते की समस्या का समाधान कराया है। उनकी इस पहल से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम किशनपुर के ग्रामीणों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए कोई सुगम रास्ता नहीं है। विशेष रूप से बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। रास्ते के अभाव में बच्चों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा था।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा तहसीलदार नरवर विजय कुमार त्यागी को विद्यालय तक रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में तहसीलदार विजय कुमार त्यागी स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मौजूदगी में समस्या के समाधान की पहल की।
किसानों ने निजी भूमि दी 
इस दौरान ग्राम जैतपुर के किसानों की निजी सर्वे नंबर 2111/1, 2111/2 एवं 2111/3 की भूमि से संबंधित किसानों की सहमति प्राप्त कर जेसीबी मशीन के माध्यम से मुख्य मार्ग से शासकीय प्राथमिक विद्यालय किशनपुर तक लगभग 20 फीट चौड़ा रास्ता तैयार कराया गया। इस कार्य में समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति रही और आपसी सहमति से रास्ते का निर्माण कराया गया।

एक ओर एक फिट जमीन के लिए विवाद दूसरी ओर बच्चों के भविष्य के लिए किसानों की दरियादिली
आज के दौर में जहां लोग एक-एक फीट जमीन के लिए विवाद की स्थिति पैदा कर देते हैं और कई बार वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाते रहते हैं, वहीं ग्राम जैतपुर के उन किसानों की उदारता भी काबिले तारीफ है, जिन्होंने बच्चों की शिक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अपनी निजी भूमि से विद्यालय तक रास्ता देने के लिए सहमति प्रदान की। निश्चित रूप से इस पूरे प्रयास में किसानों का योगदान भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह साबित किया कि सामाजिक सरोकार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपसी सहयोग की भावना आज भी जिंदा है। किसानों की इस सकारात्मक पहल की भी सराहना की जानी चाहिए।
बारिश में अब बच्चों को नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी
रास्ता तैयार होने से अब शासकीय प्राथमिक विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में आसानी होगी। विशेषकर बरसात के दिनों में कीचड़ और दुर्गम रास्ते के कारण होने वाली परेशानियों से बड़ी राहत मिलेगी।

जनसमस्याओं के समाधान में सक्रियता बनी पहचान
कलेक्टर अर्पित वर्मा और तहसीलदार विजय कुमार त्यागी की कार्यशैली से क्षेत्र में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देना और मौके पर पहुंचकर समाधान की दिशा में पहल करना दिखाई दे रहा है। किशनपुर में रास्ते की समस्या का निराकरण इसका उदाहरण है। निजी भूमि से रास्ता निकालने जैसे मामले में किसानों की सहमति लेकर समाधान कराना प्रशासनिक सूझबूझ, संवाद और समन्वय का परिचायक है।

ग्रामीणों के लिए यह महज 20 फीट चौड़ा रास्ता नहीं, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है। एक तरफ तहसीलदार विजय कुमार त्यागी की सक्रियता और दूसरी तरफ निजी भूमि देने वाले किसानों की उदारता ने मिलकर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया। क्षेत्र में इस पहल की सराहना हो रही है।

Post a Comment

0 Comments