नरवर में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, लेकिन सवाल यह क्या दौरे के बाद भी सुधरेंगी व्यवस्थाएं।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे /जो दिखे उसके पार- 
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी, गौशाला और उद्योग इकाई का निरीक्षण; जिला पंचायत सीईओ ने चखकर परखा मध्याह्न भोजन।
शिवपुरी जिले के विकासखंड नरवर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर नरवर क्षेत्र में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। स्कूल से लेकर आंगनबाड़ी, गौशाला और औद्योगिक इकाई तक पहुंचकर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए। लेकिन इस निरीक्षण के साथ एक बड़ा सवाल भी जुड़ा है, क्या अधिकारियों के दौरे से स्थाई सुधर हो सकेगा या निरीक्षण के बाद स्थिति जस की तस रहेगी।
*मध्यान्ह भोजन चखकर जांची गुणवत्ता, अब नियमित निगरानी की चुनौती*
जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज ने नरवर स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, खेल मैदान और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मध्याह्न भोजन वितरण और निर्धारित मीनू की जानकारी लेने के बाद उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।
सीईओ ने संबंधित समूह और प्राचार्य को बच्चों के स्वास्थ्य के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोढ़ी माता समूह द्वारा दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की सराहना भी की और व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा। हालांकि, यहां सवाल यह है कि क्या बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलता है। क्या भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच होती है। और निरीक्षण के दिन की व्यवस्था के साथ-साथ सामान्य दिनों की स्थिति पर भी निगरानी रखी जाएगी। इन सवालों का जवाब नियमित मॉनिटरिंग और व्यवस्था के वास्तविक परिणामों से ही सामने आएगा। विकासखंड में कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण किया गया क्या सिर्फ निरीक्षण के लिए सांदीपनि विद्यालय ही चुना गया, क्षेत्र में अन्य शासकीय विद्यालयों में औचक निरीक्षण कब किया जाएगा और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच परखी जाएगी।

*आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण व्यवस्था पर कितनी निगरानी*
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र जादौन ने नरवर के वार्ड क्रमांक-1 और वार्ड क्रमांक-7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर, पोषण आहार वितरण और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की।
आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के पोषण और प्रारंभिक देखभाल का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार मिल रहा है। क्या केंद्रों में स्वच्छता और उपस्थिति की व्यवस्था प्रतिदिन मानकों के अनुरूप रहती है। और निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए क्या आगे भी निगरानी होगी?
*गौशाला में चारा पानी की व्यवस्था और पशुओं की देखभाल कितनी प्रभावी*
जिले के पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. राजीव गुप्ता ने ग्राम पंचायत नरौआ स्थित गौशाला का निरीक्षण कर गौवंश के रखरखाव, चारे और पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जैतपुर स्थित वृंदावन ग्राम का भ्रमण किया और पशुपालकों को श्री गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना की जानकारी देकर उन्नत पशुपालन के लिए प्रेरित किया।
गौशालाओं में पशुओं की देखभाल और उनके लिए पर्याप्त चारा-पानी की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या गौशाला में पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त चारा और स्वच्छ पानी मिल रहा है। क्या उनके स्वास्थ्य और रखरखाव की लगातार निगरानी की जा रही है। इन व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति नियमित निरीक्षण और उसके परिणामों से स्पष्ट होगी। 
सवाल क्या कभी गौशालाओं का ओचक निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों से संचालित गौशालाओं की जानकारी जुटाई जाती है या फिर वरिष्ठ जिम्मेदारों के द्वारा निरीक्षण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। कुछ दिन पूर्व ही नरौआ ग्राम पंचायत में संचालित गौशाला से अनियमितता ओर भ्रष्टाचार की तस्वीर सामने आई थी गौशाला परिसर में भोजन ना मिलने से दो पशुओं की मृत्यु हुई थी उस पर जिम्मेदार मौन हैं।

उद्योग इकाई का निरीक्षण, उत्पादन गतिविधियों पर नजर
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अजय तिवारी ने नरवर के शेरगढ़ चौराहे पर स्थित मेसर्स एसआरबी फ्यूल की बायोमास पैलेट निर्माण इकाई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई में संचालित उत्पादन गतिविधियों का जायजा लिया।
औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण केवल औपचारिक दौरे तक सीमित न रहकर उनकी कार्यप्रणाली और संबंधित नियमों के पालन की समीक्षा का माध्यम भी होना चाहिए। ऐसे में यह जानना महत्वपूर्ण होगा कि निरीक्षण में किन बिंदुओं की जांच की गई और क्या किसी सुधार की आवश्यकता सामने आई।
अभियान की असली सफलता निरीक्षण नहीं, सुधार से तय होगी
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 का उद्देश्य शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी बनाना तथा आमजन तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। कलेक्टर के निर्देश पर नरवर में हुए निरीक्षण को इसी दिशा में प्रशासनिक पहल माना जा सकता है।
लेकिन असली सवाल यह है कि क्या इन दौरों के बाद व्यवस्थाओं में ठोस बदलाव दिखाई देगा। क्या बच्चों को नियमित गुणवत्तापूर्ण भोजन, आंगनबाड़ी में बेहतर पोषण सेवाएं और गौशाला में उचित देखभाल सुनिश्चित हो पाएगी।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन और उसके बाद होने वाली निगरानी ही तय करेगी कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान धरातल पर कितना प्रभावी साबित होता है। फिलहाल प्रशासनिक दौरे के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि संबंधित संस्थानों की व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है।

Post a Comment

0 Comments