जागरूकता अभियान और उससे परे गरबा प्रचार के दौरान कारों की छतों पर बैठीं युवतियां, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने 6 वाहनों पर ठोका 30 हजार का जुर्माना।

🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे/जो दिखे उसके पार - शिवपुरी यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा रैलियां निकालने और लगातार समझाइश देने के बावजूद शहर की सड़कों पर लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। गरबा कार्यक्रम के प्रचार के दौरान कारों की छतों पर बैठकर सड़कों पर घूमती युवतियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना यातायात सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता अभियानों के असर पर सवाल खड़े कर रहा है।
सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय पर ही यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है, तो ग्रामीण अंचलों में नियमों के पालन की स्थिति क्या होगी।
जानकारी के अनुसार, शहर में गरबा कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के दौरान करीब 20 कारों का काफिला प्रमुख मार्गों से निकाला गया। इस दौरान बालिकाओं और युवतियों को कारों की छतों पर बैठाकर घुमाया गया। चलती गाड़ियों की छतों पर बैठकर सफर करने का यह नजारा सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। ऐसी स्थिति में अचानक ब्रेक लगने, वाहन के असंतुलित होने या किसी अन्य दुर्घटना की आशंका को झुठलाया नहीं जा सकता।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव और कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहनों के नंबर ट्रेस किए और छह कारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये के चालान किए गए। संबंधित वाहन मालिकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।
*रेली निकालकर दिया संदेश फिर भी अनदेखी क्यों*
शहर में यातायात जागरूकता अभियानों के बीच इस तरह की घटना सामने आना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह देती है। लेकिन क्या इन अभियानों का असर लोगों की रोजमर्रा के जीवन में दिखाई दे रहा है। यदि जागरूकता के बावजूद लोग सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह जोखिम उठाते हैं, तो केवल रैली निकालना और नारे लगाना पर्याप्त नहीं माना जा सकता।
*शहर में यह हाल तो ग्रामीण अंचलों की कौन कहे*
शिवपुरी जिला मुख्यालय पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी, प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था तथा जागरूकता अभियानों के बावजूद नियमों की अनदेखी सामने आ रही है। ऐसे में ग्रामीण अंचलों में यातायात नियमों के पालन, नियमित निगरानी और कार्रवाई की स्थिति पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। वहां यदि निगरानी कमजोर हो, तो नियमों की अनदेखी को रोकना और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
*सवाल कार्रवाई का नहीं -  स्थायी असर का है। वायरल वीडियो के बाद छह वाहनों पर जुर्माना लगाना पुलिस की कार्रवाई है, लेकिन इससे यह भी स्पष्ट होता है कि उल्लंघन रोकने के लिए जागरूकता के साथ नियमित निगरानी और नियम तोड़ने वालों पर समय रहते कार्रवाई जरूरी है। अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई केवल वायरल वीडियो तक सीमित रहती है या शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान भी चलाया जाता है।

Post a Comment

0 Comments