🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-
शिवपुरी जिले की नरवर तहसील परिसर में स्थित उप पंजीयक कार्यालय की व्यवस्था इन दिनों सवालों के घेरे में है। कार्यालय में स्थायी उप पंजीयक अधिकारी की पदस्थापना नहीं होने और करैरा के उप पंजीयक अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने के बाद यहां पंजीयन कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। हालात यह हैं। पिछले दिवस में एक दिन के लिए 3घंटे खुला कार्यालय पर बाकी समय ताला लटका रहने से जमीन की रजिस्ट्री सहित अन्य पंजीयन संबंधी काम कराने पहुंच रहे किसानों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नरवर क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण अपनी कृषि भूमि की खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री तथा अन्य दस्तावेजों के पंजीयन के लिए उप पंजीयक कार्यालय पर निर्भर हैं। लेकिन स्थायी अधिकारी नहीं होने के कारण कार्यालय की नियमित व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से अपना समय निकाल कर वाहन से किराया खर्च करके कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को कई बार बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे न केवल उनका समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि जरूरी जमीन संबंधी लेनदेन भी अटक रहे हैं।
करैरा उप पंजीयक अधिकारी के भरोसे नरवर पंजीयक कार्यालय
जानकारी के अनुसार नरवर उप पंजीयक कार्यालय का प्रभार करैरा के उप पंजीयक अधिकारी को दिया गया है। एक अधिकारी पर दो कार्यालयों की जिम्मेदारी होने के कारण नरवर में नियमित उपस्थिति और पंजीयन कार्यों के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था के चलते कार्यालय में नियमित कामकाज प्रभावित होने की समस्याएं सामने आ रही हैं।
किसानों के सामने खड़ी हो रही समस्या
किसान और स्थानीय आमजन के लिए जमीन का पंजीयन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके आर्थिक और पारिवारिक जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण काम है। किसी को फसल की जरूरत के लिए जमीन का सौदा पूरा करना है तो किसी को पारिवारिक बंटवारे और अन्य कानूनी दस्तावेजों का पंजीयन कराना है। ऐसे में कार्यालय में ताला लटका मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ना स्वाभाविक है।
जिम्मेदारों की व्यवस्था पर उठते सवाल
सवाल यह है कि जब नरवर तहसील में उप पंजीयक कार्यालय संचालित है तो वहां स्थायी अधिकारी की नियुक्ति क्यों नहीं की जा रही। क्या करैरा के अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार देकर ही नरवर के लोगों को नियमित पंजीयन सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। क्या विभागीय अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं है कि कार्यालय बंद मिलने से दूर-दराज से आने वाले किसानों और आम नागरिकों को कितनी परेशानी उठानी पड़ती है। अब जरूरत इस बात की है कि जिला कलेक्टर एवं वरिष्ठ पंजीयन अधिकारी नरवर कार्यालय की स्थिति को संज्ञान में लें और स्थायी उप पंजीयक अधिकारी की पदस्थापना अथवा नियमित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपने ही तहसील मुख्यालय पर पंजीयन जैसी जरूरी सुविधा के लिए भटकना न पड़े।

0 Comments