कोलारस में बड़े भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की जमीनी विवाद बना मौत की वजह।

🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रिजौदा गांव में जमीन और मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शुक्रवार को खेत पर ट्रैक्टर पर बैठे छोटे भाई के सिर में बड़े भाई ने कुल्हाड़ी मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रिजौदा गांव निवासी 34 वर्षीय चंद्रभान रघुवंशी और 26 वर्षीय घनश्याम रघुवंशी सगे भाई थे। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले उनकी जमीन का बंटवारा भी हो चुका था, लेकिन मक्के की बोई गई फसल के बंटवारे को लेकर विवाद बाकी था।
मृतक घनश्याम रघुवंशी फाइल फोटो 
बताया जा रहा है कि घनश्याम अविवाहित था। बड़े भाई का मां के साथ भी विवाद होता था। इसके चलते घनश्याम अपनी मां के साथ गुना में रहने लगा था। फसल के बंटवारे के सिलसिले में वह गुरुवार को अपने गांव रिजौदा पहुंचा था।
*बड़े भाई के घर रुका साथ खाना खाया*
गांव आने के बाद घनश्याम अपने बड़े भाई चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी के घर रुका था। उसने भाई के घर खाना खाया और रात भी वहीं बिताई। शुक्रवार को दोनों भाई मक्के की फसल के बंटवारे के लिए खेत पर पहुंचे थे। यह भी जानकारी सामने आई खेत पर घनश्याम ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान चंद्रभान ने पीछे से उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से भाग निकला।
*पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला*
कोलारस थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेई के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार शाम मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments