जिले में नरवाई जलाना पूर्णत प्रतिबंधित, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश

🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी जिले में धान, सोयाबीन, मक्का एवं अन्य खरीफ फसलों की कटाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। कुछ कृषकों द्वारा विशेषकर धान, सोयाबीन, मक्का फसल की कटाई कम्बाईन हार्वेस्टर यंत्र से कराई जाती है एवं कटाई उपरांत शेष पराली/नरवाई को आग लगाकर जलाया जाता है। इससे वातावरण प्रदूषित होता है, आसपास आगजनी से कृषकों की फसलें तथा जान-माल की हानि होती है, साथ ही भूमि के लाभदायक मित्र कीट नष्ट होते हैं और भूमि की उर्वरा शक्ति को नुकसान पहुँचता है।कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जिले में फसलों की कटाई के बाद बचे अवशेषों (नरवाई/पराली) को जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
*उल्लंघन करने पर लगेगा अर्थदंड,FIR के सख्त निर्देश*
 जिले की सीमांतर्गत कोई भी कृषक फसल कटाई के उपरांत शेष नरवाई को खेत में नहीं जला सकेगा। आदेश का उल्लंघन कर पराली जलाने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं पर उपखंड मजिस्ट्रेट द्वारा पर्यावरण मुआवजा अधिरोपित किया जाएगा। जिसमें 02 एकड़ या उससे कम भूमि धारकों से 2,500 रुपये प्रति घटना, 02 एकड़ से अधिक लेकिन 05 एकड़ से कम भूमि धारकों से 5,000 रुपये प्रति घटना तथा 05 एकड़ से अधिक भूमि धारकों से 15,000 रुपये प्रति घटना रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत पुलिस प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
*कम्बाईन हार्वेस्टर संचालकों के लिए स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम अनिवार्य*
इस संबंध में कृषि विभाग के उपसंचालक मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि कम्बाईन हार्वेस्टर संचालकों को मशीन के साथ स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम या स्ट्रा-रीपर का उपयोग करना अनिवार्य होगा, जिससे फसल अवशेषों का मौके पर ही भूसे के रूप में निपटान किया जा सके। हार्वेस्टर चालकों को फसल कटाई प्रारंभ करने से पूर्व सहायक कृषि यंत्री कार्यालय शिवपुरी में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना होगा। बिना एसएमएस या स्ट्रा-रीपर के हार्वेस्टर चलाने पर जिला परिवहन अधिकारी द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हार्वेस्टर संचालकों को चिंगारी से आगजनी रोकने हेतु अग्निशमन संयंत्रों के साथ-साथ पानी एवं रेत की व्यवस्था रखनी होगी। यदि कोई कृषक बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के कटाई का दबाव बनाता है, तो हार्वेस्टर चालक इसकी सूचना तत्काल स्थानीय ग्राम पंचायत निगरानी समिति या थाना प्रभारी को देंगे।
*निगरानी हेतु दलों का गठन और हार्वेस्टर संचालकों को सख्त हिदायत*
जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर  वर्मा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय, विकासखंड स्तरीय तथा ग्राम स्तरीय दलों का गठन किया गया है। गठित दलों द्वारा कम्बाईन हार्वेस्टर यंत्र से कटाई उपरांत पराली/नरवाई जलाने वाले कृषकों की लगातार निगरानी की जाएगी। यदि पराली/नरवाई जलाने की घटना घटित होती है, तो दलों द्वारा त्वरित कार्रवाई के लिए सूचित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम के कम्बाईन हार्वेस्टर से फसल की कटाई करने वाले कम्बाईन हार्वेस्टर संचालकों एवं मालिकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*खबर एक्सरे का सवाल*
हर वर्ष होता है कलेक्टर का आदेश और हर वर्ष निगरानी की बात भी कही जाती है लेकिन जमीनी स्तर पर इस आदेश का कितना असर दिखाई देता है यह आम तौर पर देखा गया है खेतों में किसानों के द्वारा नरवाई जलाने के कई मामले सामने आते हैं, साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्र में तो खेतों से आग गांव तक पहुंच जाती है,
अब देखना यह होगा कि इस आदेश का स्थानीय प्रशासन पर कितना असर दिखाई देता है और खेतों में नरवाई जलाने पर कितनी सख्ती बरती जाती है।

Post a Comment

0 Comments