नरवर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का भव्य जनसंवाद शिविर, हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- 
शिवपुरी जिले के नरवर नगर परिषद में आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 23 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद नरवर परिसर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, ग्रामीण और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राही पहुंचे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना, उनकी समस्याओं को सुनना और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
*आवास, पेयजल, सड़क और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे आमजन*
जनसंवाद शिविर के दौरान नागरिकों ने आवास, स्मार्ट मीटर, पेयजल व्यवस्था, सड़क और महिला स्व-सहायता समूहों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। प्राप्त आवेदनों को पंजीबद्ध कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया।
जिला पंचायत सीईओ विजय राज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेने और कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया।
संबल योजना में चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र
शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और हितलाभ वितरित किए गए। संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि के लिए माया बाई मांझी, शन्नो बानो, हशमद बेगम और राधा बाई को दो-दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं आंशिक दिव्यांगता के तहत हरिकिशन बाथम को एक लाख रुपये का स्वीकृति पत्र सौंपा गया।
पीएम स्वनिधि स्ट्रीट वेंडर योजना के अंतर्गत सुमिता जाटव, सखी जाटव, धर्मेन्द्र कोली, रानी जाटव, भीकम कुशवाह, ममता कुशवाह, पिंकी योगी, रूबी जाटव, राजेन्द्र कोली, योगिता कुशवाह, माया बाथम और नीलेश कुशवाह को हितलाभ प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से भाग्यश्री कोली, धर्मेन्द्र कोली और नरेश कुशवाह को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं लाडली लक्ष्मी पेंशन योजनाओं के अंतर्गत दख्खो, कमल कुशवाह, शीला बाई, कमला घोसी और गीता रजक को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इसी क्रम में लाडली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं किंजल कुशवाह, दया कुशवाह, शिवानी कुशवाह और काव्या कुशवाह को प्रमाण पत्र सौंपे गए। शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकरियों की रही मौजूदगी निरीक्षण भी किया*
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, नगर परिषद नरवर अध्यक्ष पदमा महेश्वरी, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ ब्रह्मेन्द्र गुप्ता, नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में योजनाओं के लाभ वितरण के साथ ही आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। अब संबंधित विभागों की कार्रवाई से यह तय होगा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से निराकरण हो पाता है।

Post a Comment

0 Comments