बदरवास के रैंझागढ़ में आबकारी विभाग की दबिश, 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त।

25 हजार रुपये की शराब के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कोलारस वृत्त की आबकारी टीम ने बदरवास क्षेत्र के ग्राम रैंझागढ़ में दबिश देकर 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा तथा आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कोलारस वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा को ग्राम रैंझागढ़ में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री की मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने देशी मदिरा प्लेन, मसाला और विदेशी मदिरा बीयर सहित कुल 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। मौके से राजीव पुत्र दिनेश यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम रैंझागढ़ को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने जब्त शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कोलारस वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा के साथ आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया, आबकारी बल और होमगार्ड के जवान शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments