शिवपुरी में मध्यप्रदेश का 71 वां स्थापना दिवस मनाया मानस भवन में जिला स्तरीय समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं 5-5 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि की घोषणा
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी 01 नवम्बर मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर शहर में स्थित गांधी पार्क मानस भवन में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के पश्चात राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान के समवेत गायन के साथ किया गया।
विरासत और विकास के साथ नए आयाम गढ़ रहा है-मंत्री नारायण सिंह कुशवाह 
शिवपुरी के मानस भवन में आयोजित मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का है। वर्ष 1956 से लेकर अब तक मध्य प्रदेश लगातार नए आयामों को छूते हुए प्रगति और विकास की गाथा गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत शिवपुरी जिले में भी बड़े उद्योगों की स्थापना की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी में बड़े उद्योग की आधार शिला रखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सहित प्रदेश में कृषि विकास दर में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जिससे हमारी अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत में लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदियों) के संघर्ष और योगदान को नमन करते हुए समारोह में विशेष रूप से मीसाबंदियों का सम्मान किया गया। मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं अन्य अतिथियों ने मीसाबंदी महेश गौतम और हरिहर शर्मा को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया।
प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण 
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य अतिथि मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने जायजा लिया। इस दौरान म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग) के तहत बांकडे बाबा स्वसहायता समूह की ओर से विनीता जादौन द्वारा स्टॉल लगाया गया, जिसमें समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों (जैसे कोल्ड प्रेस सरसों एवं मूंगफली का तेल, प्राकृतिक शहद, रसायन रहित दाने आदि) के उत्पादन की जानकारी दी गई। इसके साथ ही, उद्योग विभाग के अंतर्गत सुशील शर्मा द्वारा मसाले मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा 'एक जिला एक उत्पाद' योजना के तहत मेसर्स बेटू गारमेंट्स की ओर से पारूल अग्रवाल (बदरवास कपड़ा जैकेट यूनिट) एवं अन्य विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादकों और स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की तथा उनके वित्तीय एवं व्यावसायिक विकास संबंधी जानकारी ली।
छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति 
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मध्यप्रदेश की लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा "मरो प्यारों मध्यप्रदेश..." गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर बाजार शिवपुरी की छात्राओं ने "सौगन्ध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं झुकने दूंगा..." गाने पर तथा शासकीय उत्कृष्ट क्रमांक-01 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने "ऐसा देश नहीं अन्यत्र है..." गीत पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की इन मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह स्थल उत्साह और उल्लास से सराबोर हो उठा। 

ऑनलाइन कृषि क्विज के विजेताओं को पुरस्कार 
कार्यक्रम के दौरान किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कृषि क्विज के विजेताओं को मंत्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कारों की सांकेतिक चाबियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले उमेश कुमार लोधी निवासी पिपलखेड़ा मायापुर, पिछोर को ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले दिनेश सिंह दांगी निवासी चक्रा, कोलारस को बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले अखिल धाकड़ निवासी पूठ बरवे, पोहरी को ई-स्कूटी की सांकेतिक चाबी प्रदान की गई। प्रतिभागियों से उनके अनुभव पूछे गए तो उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित होना चाहिए और नई-नई प्रतिभाओं को अवसर मिलना चाहिए।

मेघावी छात्रा को 1लाख रुपए की छात्रवृत्ति
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील के ग्राम खिरकिट निवासी सुश्री पूनम साहू को वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। मंत्री कुशवाह ने उन्हें छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं स्वराज संस्थान संचालनालय अंतर्गत स्थापित श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा संचालित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत शिवपुरी जिले की मेधावी छात्रा को यह उपलब्धि हासिल हुई है। छात्रा पूनम साहू को इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए चुना गया। 
सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली छात्राओं के लिए 5-5 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि की घोषणा 
​समारोह में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने मंच से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सदर बाजार तथा शासकीय उत्कृष्ट क्रमांक-01 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को  5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन (पुरस्कार) राशि प्रदान करने की घोषणा की।  इस घोषणा पर पूरा मानस भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
 प्रशासनिक विभागों के शासकीय सेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके कार्य की सराहना की गई। स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। वहीं पूरे कार्यक्रम में जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments