गुरुद्वारा चौराहे पर अब सीधे नहीं निकल सकेंगे वाहन, जाम से मुक्ति के लिए पुलिस ने लागू की नई व्यवस्था।

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया की पहल पर अस्थाई बैरिकेडिंग शुरू, वाहन चालकों को लेना होगा यू-टर्न; माधव चौक, ठंडी सड़क कट पॉइंट और गैलेक्सी होटल के पास बनाई व्यवस्था

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी शहर के व्यस्ततम गुरुद्वारा चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब गुरुद्वारा चौराहे से वाहन सीधे क्रॉस नहीं कर सकेंगे। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए चौराहे पर अस्थाई बैरिकेडिंग की गई है, जिसके तहत वाहन चालकों को निर्धारित स्थानों से यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। यह व्यवस्था 17 नवंबर से लागू कर दी गई है।
दरअसल, गुरुद्वारा चौराहा शहर का एक प्रमुख और व्यस्त यातायात चौराहा है। यहां चारों दिशाओं से वाहनों का आवागमन होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। खासकर एक साथ कई दिशाओं से वाहनों के चौराहे पर पहुंचने से यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए नई पहल की है। उनके निर्देशन में यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव द्वारा गुरुद्वारा चौराहे पर अस्थाई बैरिकेडिंग कर यातायात का नया रूट निर्धारित किया गया है।
क्या रहेगी नई यातायात व्यवस्था
नई व्यवस्था के तहत अब कोई भी वाहन गुरुद्वारा चौराहे को सीधे क्रॉस नहीं कर सकेगा। वाहन चालकों को माधव चौक, ठंडी सड़क कट पॉइंट तथा गैलेक्सी होटल या स्मार्ट बाजार के पास निर्धारित स्थानों से यू-टर्न लेकर आगे बढ़ना होगा। पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से चौराहे पर वाहनों का सीधा टकराव और अनावश्यक जमाव कम होगा, जिससे यातायात का दबाव नियंत्रित किया जा सकेगा।

पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर शहर की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुद्वारा चौराहे पर यह प्रयोग शुरू किया गया है। अब वाहन चालकों से प्रशासन की अपील है कि वे नई यातायात व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित यू-टर्न का ही उपयोग करें।

Post a Comment

0 Comments