भाईदूज पर जेल के बंदियों से मिल सकेंगी बहनें, शिवपुरी सर्किल जेल में खुली मुलाकात की विशेष व्यवस्था।

शिवपुरी सर्किल जेल में 11 नवंबर को सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक होगा आयोजन, बहनें बंद भाइयों को तिलक लगाकर मना सकेंगी भाईदूज का पर्व

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार- भाई बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाईदूज का पर्व उन बहनों के लिए भी खास होने जा रहा है, जिनके भाई किसी कारणवश जेल में निरुद्ध हैं। दीपावली के इस पावन अवसर पर शिवपुरी सर्किल जेल प्रशासन ने बंदियों की बहनों और परिजनों को मुलाकात का अवसर देने के लिए विशेष खुली मुलाकात की व्यवस्था की है। 11 नवंबर, बुधवार को बहनें जेल में बंद अपने भाइयों से मिलकर उन्हें तिलक लगा सकेंगी और भाईदूज की परंपरा निभा सकेंगी।
जेल प्रशासन के अनुसार मुलाकात का कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान पुरुष बंदियों से मुलाकात के लिए केवल परिवार की महिला सदस्यों और छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक बंदी से मुलाकात के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।

मुलाकात के लिए पहचान पत्र अनिवार्य है
जेल में प्रवेश करने वाली महिलाओं को आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड अथवा पैन कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल, पर्स, नकदी और कीमती सामान जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
250 ग्राम सूखी मिठाई ले सकेंगी बहने
भाईदूज के अवसर पर बहनें अपने भाइयों के लिए अधिकतम 250 ग्राम सूखी मिठाई जैसे गजक और सोनपापड़ी ले जा सकेंगी। हालांकि घर का बना भोजन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। तिलक लगाने के लिए जेल प्रशासन की ओर से हल्दी, कुमकुम और चावल से सजी पूजा की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं जेल प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बंदियों को किसी भी स्थिति में नकद रुपये देना प्रतिबंधित रहेगा। ऐसा करने पर मुलाकात पर रोक लगाने के साथ संबंधित बंदी के विरुद्ध जेल अपराध दर्ज किया जा सकता है। सभी आगंतुकों को तलाशी प्रक्रिया में सहयोग करने और जेल परिसर में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भाईदूज का यह आयोजन उन परिवारों के लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण रहेगा, जिनकी बहनें अपने भाइयों से दूर हैं। जेल की सलाखों के बीच भी भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और पर्व की परंपरा कायम रहे, इसी उद्देश्य से जेल प्रशासन ने यह विशेष व्यवस्था की है।

Post a Comment

0 Comments