सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, युवक की मौके पर मौत
कोलारस।कोलारस थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फोरलेन बाईपास स्थित जय मां चाट भंडार के पास सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार युवक को शिवपुरी से गुना की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान साखनौर गांव निवासी उपेंद्र लोधी पुत्र नीरज लोधी उम्र 21 साल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक उपेंद्र सोमवार को अपने घर से बाइक लेकर शिवपुरी दवा लेने जाने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान वह कोलारस फोरलेन हाइवे बाईपास क्षेत्र में स्थित जय मां चाट भंडार के पास सड़क क्रॉस कर रहा था। तभी शिवपुरी की ओर से गुना जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक समेत उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन रोक दिया। बताया गया है कि चालक ने ही पुलिस और हाईवे एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।