कोलारस पीएम श्री शासकीय प्राथमिक विद्यालय जगतपुर कोलारस में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायिक मजिस्ट्रेट रजनी मिरौठा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा मजिस्ट्रेट रजनी मिरौठा का पुष्पमाला पहनाकर व स्वागत कर अभिनंदन किया गया। शिविर के दौरान बच्चों को मजिस्ट्रेट रजनी मिरौठा ने विभिन्न कानूनी प्रावधानों, बाल अधिकारों तथा शिक्षा के अधिकार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अत्यंत सरल एवं सहज भाषा में बच्चों को बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच तथा किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा शोषण से बचाव के तरीकों से अवगत कराया। मजिस्ट्रेट मिरौठा ने बताया कि कानून समाज के प्रत्येक नागरिक और विशेषकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा करता है। यदि कभी भी किसी प्रकार की असुरक्षा या परेशानी की स्थिति बने, तो बिना डरे उचित माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करने और कानून के प्रति आदर भाव रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और उन्होंने पूरी उत्सुकता के साथ कानूनी जानकारियों को सुना। इस अवसर पर प्राचार्य नीरज तिर्की, अगुष्ठीना कुजूर, सकुंतला भार्गव, मनोज कोली, रैणु शर्मा, अनिता मिश्रा, कोकिला शर्मा, रघुवीर पाल, आलोक जैमिनी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक अमला एवं छात्र व छात्राएं उपस्थित रहे।