15 जुलाई की रात चोरी हुई नरवर किले की ऐतिहासिक तोप, आज तक बरामद नहीं, राजस्थान तक पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार और वाहन जब्त फिर भी धरोहर लापता, तीन गिरफ्तारियों के बावजूद प्रशासन के हाथ खाली, आखिर कहां है नरवर किले की प्राचीन तोप।

🔍 संपादक - कमर खान खबर एक्सरे/जो दिखे उसके पार -  जिले की एतिहासिक नगरी नरवर किले पर कचहरी महल में रखी हुई तोपों में से एक तोप चोरी होने का मामला।
15 जुलाई 2026 की रात चोरी हुई ऐतिहासिक तोप आज तक बरामद नहीं हो सकी है। चोरी की इस वारदात मेके बाद पड़ताल में जुटी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजस्थान के करौली जिले तक पहुंची और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया साथ ही वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया, हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ने के बाद एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, लेकिन जिस ऐतिहासिक धरोहर की बरामदगी सबसे अहम है, उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। यूं तो प्राचीन काल की चोरी हुई तोप की बरामदगी के लिए क्षेत्र के आमजन और नरवर प्राइवेट स्कूल असोसिएशन के अलावा विपक्ष ने आवाज उठाई है और किसी ने मुख्यमंत्री के नाम तो किसी ने राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन दिया है। लेकिन अन्य जनप्रतिनिधि इस मामले पर सामने नहीं आए। तोप की कीमत की बात की जाए तो पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय विभाग के द्वारा इसे करोड़ों रुपए का बताया गया है।
नरवर किले में रखी ऐतिहासिक तोपों में से एक तोप के चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और वाहन के रूट की पड़ताल करते हुए पुलिस टीम राजस्थान पहुंची। कार्रवाई के दौरान अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और करीब छह लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप भी बरामद की गई है।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी वहीं खड़ा है, नरवर किले की वह ऐतिहासिक तोप आखिर गई कहां। पुलिस द्वारा राजस्थान में कई स्थानों पर दबिश दिए जाने के बावजूद तोप की बरामदगी नहीं हो पाई। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और वाहन जब्ती के बाद भी ऐतिहासिक धरोहर का लापता रहना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। तोप बरामद करने में पुलिस के लगातार प्रयास के बाबजूद सफलता नहीं, प्राचीन तोप चोरी होने के बाद दूसरे राज्य में रखी होने से स्थानीय पुलिस के हाथ खाली हैं। नरवर किले की विरासत सिंधिया परिवार के अधिपत्य में भी रह चुकी है जिसका लेख अभी मौजूद है लेकिन तोप चोरी मामले में अब तक जिले के सांसद भी चुप हैं। आमजन की तोप बरामदगी को लेकर अब मध्यप्रदेश सरकार के मुखिया डॉ मोहन यादव से ही उम्मीद जुड़ी हुई है।
खबर एक्सरे के सवाल
जब वारदात में इस्तेमाल वाहन पुलिस तक पहुंच गया, तो ऐतिहासिक तोप अब तक पुलिस की पहुंच से बाहर क्यों है। क्या चोरी की गई तोप को किसी दूसरे स्थान या राज्य में छिपाया गया है। क्या पुलिस उस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंच पाई है, जिसके पास तोप पहुंचाई गई होगी। या फिर करोड़ों रुपए कीमत होना ही तोप के लिए खतरा बना हुआ है।  
फिलहाल प्रशासन के हाथ खाली हैं और नरवर किले की ऐतिहासिक धरोहर का इंतजार जारी है। अब देखना यह होगा कि नरवर किले की प्राचीन तोप कब बरामद होती है और इस चोरी के पीछे छिपी पूरी कहानी कब सामने आती है।

Post a Comment

0 Comments