नहीं थम रहा जहरीले पदार्थ का कारोबार स्मैक के साथ एक 21 वर्षीय युवक को पुलिस ने पकड़ा अमोला पुलिस ने 2.66 लाख रुपये की स्मैक के साथ आरोपी रज्जू जाटव गिरफ्तार।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- 
शिवपुरी जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अमोला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26.16 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की कीमत पुलिस ने 2 लाख 66 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार अमोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह सेंगर और पुलिस टीम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अमोला क्रेशर हाईवे रोड पर मामौनी बाला की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक युवक स्मैक बेचने के लिए खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राजकुमार उर्फ रज्जू जाटव (21 वर्ष), निवासी अमोला नंबर-2, थाना अमोला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 26.16 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री में स्मैक की कीमत 2 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना अमोला में अपराध क्रमांक 237/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में मादक पदार्थ की उपलब्धता और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमोला उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक सुखदेवराम भगत, प्रधान आरक्षक अर्जुन जाटव, प्रधान आरक्षक शिवराज यादव, आरक्षक रामबीर बघेल, अरुण कुशवाह, संजीव श्रीवास्तव, अतर सिंह, नीतेन्द्र सिंह और विकास दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments