🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे/जो दिखे उसके पार - पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान के दौरान दिनांक 08.10.2026 को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. डी. प्रजापति एवं सीएसपी शिवपुरी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में शिवपुरी पुलिस द्वारा शहर में हेलमेट रैली निकाली।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट अभियान के तहत आज हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया जी के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हेलमेट जागरुकता रैली कोर्ट रोड, माधव चौक, ग्वालियर बायपास से झांसी तिराहा, गुरुद्वारा राजेश्वरी रोड होते हुए वापस एसपी ऑफिस पर समाप्त हुई।
पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही करते हुए लोगों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने एवं दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहने के लिए जागरूक किया जा रहा है, हेलमेट जागरूकता रैली का उद्देश्य समस्त नागरिकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करना एवं दुर्घटनाओं से उनकी सुरक्षा करना है। जागरूकता अभियान के तहत शिवपुरी पुलिस द्वारा बिना हेलमेट 950 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई एवं बिना सीट बेल्ट 500 लोगों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई है।
शिवपुरी पुलिस द्वारा रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया है कि दो पहिया वाहन चलाते समय बड़ी दुर्घटनाओं से बचने के लिए एवं स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाना अति आवश्यक है हेलमेट हमें पुलिस से बचने के लिए नहीं बल्कि स्वयं की जान की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए, उक्त संदेश देते हुए रैली का समापन किया गया एवं लोगों को समझाइस दी गई की यदि बिना हेलमेट वाहन चलाते हैं तो चालानी कार्यवाही की जाएगी।
*क्या चालानी कार्रवाई से आमजन होंगे जागरूक*
सड़क दुर्घटनाओं में जान-माल की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है, और पुलिस लगातार इस ओर अपना दायित्व निभाने में जद्दोजहद करती हुई दिखाई दे रही है। लेकिन जागरूकता अभियानों और चालानी कार्रवाई के बावजूद लोगों को नियमों के प्रति कितना जागरूक किया जा सका है, यह बड़ा सवाल है। शिवपुरी में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने हेलमेट रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 चालकों और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 500 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। चालानी कार्रवाई में भी पुलिस को कई परस्थितियों से गुजरना पड़ता है जिसमें बिना अभियान के तहत चेकिंग करते समय कई दबावों का सामना भी करना पड़ता है।
*पुलिस की चालानी कार्रवाई से क्या बदलेगी लोगों की आदत*
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 950 तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 500 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। ये आंकड़े बताते हैं कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। हालांकि, इन कार्रवाइयों के बाद नियमों के पालन में कितना सुधार हुआ, इसकी जानकारी सामने आना भी जरूरी है। सड़क सुरक्षा केवल रैली निकालने या चालान काटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। आम तौर पर देखा जा रहा है कि रात्रि के समय वाहन चालकों के द्वारा तेज लाईट जला कर वाहन चलाया जाता है, सामने से आने वाले वाहन चालक को कुछ भी दिखाई नहीं देता हाइवे हो या फिर ग्रामीण अंचल की सड़क जिससे एक्सीडेंट का खतरा हमेशा बना रहता है। और कई दुर्घटनाएं भी हुई हैं, इस ओर पुलिस को सख्त रवैया अपनाना चाहिए। नियमित निगरानी और नियमों के पालन से ही दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने आ सकते हैं। अब देखना होगा कि शिवपुरी पुलिस का यह अभियान लोगों की आदतों में कितना बदलाव ला पाता है।

0 Comments