APK फाइल के जरिए मोबाइल हैक, रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 3.40 लाख की साइबर ठगी।

व्हाट्सएप पर आई APK फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल, रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 3.40 लाख की साइबर ठगी, पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर फंसाया जाल में, बैंक का लोगो दिखाकर भेजी गई संदिग्ध APK फाइल।

🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शिवपुरी जिले के खनियाधाना, बामोरकलां क्षेत्र से सामने आया है, जहां पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर एक रिटायर्ड शासकीय शिक्षक को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। पीड़ित के मोबाइल फोन पर कथित तौर पर एक संदिग्ध APK फाइल खुलवाने के बाद उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक के पुत्र अमित कुमार सोनी द्वारा थाना प्रभारी बामोरकलां को दिए गए आवेदन के अनुसार, उनके पिता कैलाश नारायण सोनी, जो वर्ष 2015 में शासकीय शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, 5 अक्टूबर 2026 की शाम इंटरनेट का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पेंशन कार्ड बनवाने से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने अपनी जानकारी दर्ज की। इसके कुछ समय बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आए, जिनके कॉलर आईडी पर अब्दुल रहीम नाम प्रदर्शित हो रहा था। कुछ देर बाद व्हाट्सएप पर एक अन्य नंबर से ऐसी फाइल भेजी गई, जिस पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का लोगो और नाम दिखाई दे रहा था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उक्त APK फाइल खोलने के बाद उसी दिन से मोबाइल फोन हैक हो गया।
7 अक्टूबर को बैंक से खुला ठगी का राज 
7 अक्टूबर को बैंक संदेश से खुला ठगी का राज
इस मामले में 7 अक्टूबर 2026 को मोबाइल पर बैंक से संदेश आने के बाद खाते की जानकारी देखी गई तो पता चला कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, खनियांधाना शाखा के खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकल चुके हैं। पीड़ित परिवार ने बैंक पहुंचकर जानकारी ली तो उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि खाते से फ्रॉड के माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने राशि निकाली है। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना बामोरकलां में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
जागरूकता के बाद नहीं थम रही साइबर ठगी 
पुलिस और साइबर विभाग लगातार लोगों को अज्ञात लिंक, कॉल और संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसके बावजूद साइबर ठगों के नए हथकंडे लोगों के लिए चुनौती बने हुए हैं। खासतौर पर बैंक और सरकारी संस्थानों के नाम व लोगो का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश की जा रही है।
यह मामला एक बार फिर आमनगरिक एवं शासकीय रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए बड़ी चेतावनी है कि व्हाट्सएप, एसएमएस या किसी अन्य माध्यम से आने वाली अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। ऐसी फाइलों के जरिए मोबाइल की निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।

अब सवाल है क्या सिर्फ पुलिस और साइबर सेल की ही जिम्मेदारी है इस तरह के मामलों पर लगाम लगाने की शासन को कोई ठोस इंतजाम करने की जरूरत है ताकि आमजन को लगातार होने वाली इस समस्या से निजात मिले अब एक बुजुर्ग और आम नागरिकों को निशाना बनाने वाले इन साइबर ठगों तक पुलिस और साइबर सेल कब पहुंचेगी। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि मामले की गंभीर जांच कर आरोपियों की पहचान की जाएगी और ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई होगी।

Post a Comment

0 Comments