नरवर में ईश्वरीय ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय का पत्रकार स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह, पत्रकार समाज की धरोहर कलम और कैमरे से समाज को देते हैं नई दिशा- नीलम दीदी

🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे/जो दिखे उसके पार - शिवपुरी में राजनल की नगरी नरवर मुबारिकपुर स्थित प्राचीन हनुमानजी मंदिर के समीप ब्रह्माकुमारी आश्रम में ईश्वरीय ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय, नरवर के तत्वावधान में पत्रकार स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नरवर नगर के एक दर्जन से अधिक पत्रकारों का तिलक, पुष्पवर्षा, माला, शॉल, पेन एवं स्मृति-पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सागर से पधारीं राजयोगिनी एवं कथावाचक नीलम दीदी ने कहा कि ईश्वरीय ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय की संस्थाएं विश्व के करीब 140 देशों में मानवता और आध्यात्मिक मूल्यों के लिए कार्य कर रही हैं। पत्रकार समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, इसलिए नरवर के पत्रकारों के सम्मान का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि संस्था किसी भी प्रकार का अंधविश्वास नहीं फैलाती, बल्कि सनातन संस्कृति, सकारात्मक सोच और आत्मिक जागृति का संदेश देती है।
नीलम दीदी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में प्रसन्नता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छपा हुआ नोट अच्छे-बुरे सभी लोगों के हाथों में जाता है, लेकिन उसके मूल्य में कमी नहीं आती। उसी प्रकार परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को अपनी वैल्यू और सकारात्मकता नहीं खोनी चाहिए। उन्होंने राजयोग को स्वयं से संवाद और अंतरमन की शांति का माध्यम बताते हुए उपस्थित लोगों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सियाराम पाल भाई, ग्वालियर ने कहा कि पत्रकारों के जीवन में समय का विशेष महत्व है। उनकी कलम और कैमरा समाज के लिए महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पत्रकारों की एक खबर किसी व्यक्ति का भविष्य बना सकती है तो किसी के भविष्य को प्रभावित भी कर सकती है। उन्होंने पत्रकारों को समाज की धरोहर बताते हुए सकारात्मक सोच और अंतरमन के ध्यान को जीवन में अपनाने की बात कही।
बी. के.महेश भाई ने जीवन के सात स्वरूप आनंद स्वरूप, ज्ञान स्वरूप, शांति स्वरूप, प्रेम स्वरूप, सुख स्वरूप, पवित्र स्वरूप और शक्ति स्वरूप जैसे सात आत्मिक स्वरूपों की व्याख्या करते हुए कहा कि आज आवश्यकता अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानने और सकारात्मक विचारों को जीवन में उतारने की है।
कार्यक्रम में भवानी शंकर चौरसिया, सखी दीदी एवं मनोनीत पार्षद विशाल चौरसिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। ब्रह्मा आरती के पश्चात पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें वरिष्ठ पत्रकार कमर खान, हनुमंत सिंह रावत, कृपाल सिंह सोलंकी, मोहन सिंह कुशवाहा, निशांत प्रजापति, दीपक कुशवाह, गणेश कुशवाहा सहित अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नरवर सेंटर प्रभारी सखी दीदी, बीके पिंकी दीदी, बीके आरती दीदी, बीके महेश भाई, डॉ. सियाराम पाल, संतोष भाई, धर्मेंद्र पटवारी, राजू सोनी, रामू ड्राइवर सहित ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन भोजन भंडारे के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments