शिवपुरी में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे  /जो दिखे उसके पार- कोतवाली पुलिस ने 7 लाख रुपये कीमत की 10 मोटरसाइकिलें कीं जब्त, बंद पड़े शारदा सॉल्वेंट प्लांट से मिलीं 8 बाइक 
शिवपुरी में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
*घर में घुसकर चोरी की थी अपाचे बाइक*
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को न्यू पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन रोड शिवपुरी निवासी भूरा रावत पुत्र महाराज सिंह रावत, उम्र 31 वर्ष, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपी उनके घर के अंदर से अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP33-ZB-1154 चोरी कर ले गया। शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 797/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
*पुराने टोल टैक्स के पास तीनों आरोपी पकड़ाए*
15 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ग्वालियर बायपास रोड स्थित पुराने टोल टैक्स के पास अपाचे मोटरसाइकिल लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की बात कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक अपाचे मोटरसाइकिल पर बैठे तीन व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रिंस अग्रवाल (25 वर्ष), निवासी विवेकानंद चौराहा मगरौनी, थाना नरवर; अनवर (35 वर्ष), निवासी तलैया मोहल्ला, पुरानी शिवपुरी; और निजाम शाह (30 वर्ष), निवासी बस स्टैंड तलैया मोहल्ला, मगरौनी, थाना नरवर, जिला शिवपुरी बताए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके द्वारा 14 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 2 बजे रेलवे स्टेशन रोड के पास एक घर के अंदर से अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इसके बाद अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से कुल 10 मोटरसाइकिलें चोरी करना बताया।
*बंद पड़े प्लांट से बरामद हुईं आठ मोटरसाइकिलें*
आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित लंबे समय से बंद पड़े शारदा सॉल्वेंट प्लांट से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तारी और जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े मामलों में लगातार पतारसी की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक 692 अजेन्द्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक 374 गजेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक 182 दिनेश कुमार, प्रधान आरक्षक 192 महाराज सिंह, प्रधान आरक्षक 475 नरेश दुबे, आरक्षक 285 राहुल कुमार और चालक आरक्षक 259 शरद यादव की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments