फरार इनामी बदमाश दीपक उर्फ दीपू गुर्जर गिरफ्तार, मगरौनी पुलिस की कार्रवाई

रिपोर्ट BY कमर खान - शिवपुरी के नरवर थाना क्षेत्र की मगरौनी पुलिस चौकी के ग्राम खोड़ बावड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे इनामी बदमाश दीपक उर्फ दीपू गुर्जर को मगरौनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ग्राम गढ़ोली से मुखबिर की सूचना पर 1 अक्टूबर 2026 को पकड़ा और न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को फरियादी देशराज उर्फ लवकुश निवासी ग्राम खोड़ बावड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपीगण लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी द्वारा बंदूक से गोली चलाए जाने का भी आरोप लगाया गया, जो घर में रखे कूलर में लगी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नरवर में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत धारा 109(1), 115(2), 296(a), 189(1), 189(4), 190 एवं 333 वीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र गुर्जर, नरेश उर्फ बालू गुर्जर और विजेन्द्र उर्फ कल्लू गुर्जर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें उप जेल करैरा भेजा गया। वहीं प्रकरण में फरार चल रहे दीपक उर्फ दीपू पुत्र रनवीर गुर्जर निवासी ग्राम गढ़ोली की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर फरार एवं इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक अरुण प्रताप भदौरिया, थाना प्रभारी नरवर; उप निरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत, चौकी प्रभारी मगरौनी; सहायक उप निरीक्षक दिनेश यादव; प्रधान आरक्षक 248 भोले राजावत; आरक्षक 582 रविन्द्र भास्कर, 944 सचिन यादव, 438 राहुल रावत एवं 1055 शिवराज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments