कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ‘जनजातीय शिल्पकार नामिका मेले’ का किया निरीक्षण,स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनके उत्पादों को सराहा।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शिवपुरी स्थित मानस भवन में आयोजित ‘जनजातीय शिल्पकार नामिका मेले’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी जनजातीय महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया और उनके उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने जिले के विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों से आईं महिला शिल्पकारों के प्रयासों की सराहना की। जनजातीय महिलाओं को उनके उत्पादों का उचित और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए  ट्राइफेड के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की, ताकि इन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
बूढ़ाडोंगर बदरवास की महिलाओं द्वारा निर्मित जैकेट की सराहना 
कलेक्टर वर्मा ने एक-एक कर सभी स्टॉल पर जाकर जनजातीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद देखें। जिसमें स्थानीय निर्माण प्रक्रिया और संस्कृति की झलक देखी गई। विभिन्न रोगों के उपचार के लिए जड़ी बूटियां का भी प्रदर्शन किया गया। मेले में बुढ़ाडोंगर बदरवास की महिलाओं द्वारा जैकेट प्रदर्शित किए गए। इस स्टॉल पर पहुंचकर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए जैकेट की सराहना की और मौके पर ही ट्राइफेड के अधिकारियों से उचित बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा की और कहा कि यदि बड़े स्तर पर इन जैकेट को ले जाया जाएगा तो महिलाओं को उसका उचित मूल्य मिलेगा और उत्पाद को भी बड़े स्तर पर पहचान मिलेगी।
मेले में इन ग्रामीण महिलाओं ने प्रदर्शित किए अपने उत्पाद 
मेले में विभिन्न ग्रामों से आईं महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने अपने पारंपरिक, हस्तनिर्मित और जैविक उत्पादों का प्रदर्शन किया जिसमें शुद्ध सरसों और मूंगफली का तेल, खजूर की झाड़ू, सूखा आंवला, मक्का और पौष्टिक दलिया प्रदर्शित किया। राजकुमारी आदिवासी द्वारा तैयार की गई पारंपरिक डलियां मेले का आकर्षण रहीं। पारंपरिक और स्वादिष्ट बरी-पापड़ का भी स्टॉल लगाया गया। कलेक्टर वर्मा ने महिलाओं के इस स्वावलंबन और उद्यमिता की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों से जनजातीय महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी। जिला प्रशासन की ओर से उनके उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ.अरविंद भार्गव, सहायक प्रबंधक ट्राइफेड पी.एम. खदाने एवं सहायक प्रबंधक ट्राइफेड जी.के. रजक सहित स्वसहायता समूह की महिलाएं एवं अन्य नागरिकगण उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments