🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में शहीद पुलिस जवानों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने देश और समाज की सेवा में सर्वोच्च योगदान देने वाले जिले के दो वीर पुलिस जवानों को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस एक माह के अभियान का उद्देश्य सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जन-जागरूकता और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक ने शिवपुरी जिले में पदस्थ रहते हुए कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों के परिजनों का सम्मान किया। इनमें स्वर्गीय विकास उपाध्याय, तत्कालीन उपनिरीक्षक, थाना बामौरकला, जिला शिवपुरी के परिजन स्नेहा उपाध्याय, उपनिरीक्षक (अ), पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवपुरी तथा स्वर्गीय केदारलाल शर्मा, तत्कालीन सहायक उपनिरीक्षक, थाना करैरा, जिला शिवपुरी के वारिसान प्रधान आरक्षक क्रमांक 447 आशीष शर्मा, थाना यातायात शिवपुरी शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिस जवानों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। यह आयोजन पुलिस परिवार के उन वीर सदस्यों के योगदान को याद करने का अवसर बना, जिन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए देश और समाज की सेवा की।

0 Comments