🔍 संपादक - कमर खान, खबर एक्सरे /जो दिखे उसके पार - शिवपुरी के नरवर में एक दिवसीय शिव महिमा ज्ञान यज्ञ का आयोजन अहंकार की बलि देकर परिवार में प्रेम और सामंजस्य बनाए रखने का दिया संदेश,
नरवर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नरवर में एक दिवसीय शिव महिमा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें कथावाचिका ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने परमात्मा शिव के गुणों, कर्तव्यों और शिव पुराण की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान दिया। उन्होंने शंकर-पार्वती के परिवार को आदर्श परिवार बताते हुए कहा कि शिव परिवार हमें प्रेम, एकता, सहनशीलता और आपसी सामंजस्य के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
बी.के.नीलम दीदी ने शिव परिवार की विशेषता बताते हुए कहा कि संसार में भगवान शिव का परिवार ऐसा परिवार है, जिसके प्रत्येक सदस्य की पूजा की जाती है। इस परिवार में सभी के स्वभाव, प्रकृति अलग-अलग हैं। सामान्य परिस्थितियों में जो एक-दूसरे के विरोधी माने जाते हैं, वे भी शिव परिवार में एक साथ रहते हैं। सांप और चूहे, मोर और सांप तथा शेर और नंदी जैसे प्राकृतिक विरोधाभासों के बावजूद शिव परिवार में संतुलन और सामंजस्य दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि इसका आध्यात्मिक संदेश यही है कि जब परिवार के सभी सदस्यों का केंद्र प्रेम और विश्वास हो, तो स्वभाव की भिन्नताएं भी रिश्तों में बाधा नहीं बनतीं। आज प्रत्येक परिवार को शिव परिवार से प्रेरणा लेकर आपसी मतभेदों को दूर करना चाहिए और प्रेम, सम्मान तथा एकता के साथ रहना सीखना चाहिए।
जीव की नहीं अपने अहंकार की बलि दें
बी.के.नीलम दीदी ने धार्मिक परंपराओं के आध्यात्मिक अर्थ को समझाते हुए कहा कि परमात्मा शिव को समर्पण करने का वास्तविक भाव अपने भीतर के अहंकार का त्याग करना है। उन्होंने कहा कि ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा का अर्थ किसी जीव की बलि देना नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, अभिमान और ‘मैं-मैं’ के भाव को समाप्त करना है।
उन्होंने समझाया कि जब मनुष्य अपने अहंकार का त्याग करता है, तभी उसके जीवन में विनम्रता, प्रेम और शांति का संचार होता है। व्रत, पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों का वास्तविक फल भी तभी सार्थक होता है, जब उनके माध्यम से व्यक्ति अपने व्यवहार और विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाता है।
इस अवसर पर सेवाकेंद्र संचालिका बीके सखी दीदी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि परमात्मा शिव की याद मनुष्य को आंतरिक शक्ति प्रदान करती है। शिव स्मृति से मन को शांति मिलती है और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से आध्यात्मिक चिंतन करने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और शिव महिमा का श्रवण किया। कार्यक्रम के अंत में बीके पिंकी दीदी ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कथा के समापन पर आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

0 Comments