करैरा मंडी में मूंगफली के दाम पर भड़के किसान, सड़क पर किया चक्काजाम।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे जो दिखे उसके पार - बोली से कम भुगतान और व्यापारियों की मनमानी के आरोप, मंडी सचिव व थाना प्रभारी ने खुलवाया जाम।
शिवपुरी जिले की करैरा कृषि उपज मंडी में मूंगफली के उचित दाम नहीं मिलने से नाराज किसानों ने मंडी गेट के बाहर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने व्यापारियों पर मनमानी से खरीदी करने, बोली में तय भाव से कम भुगतान करने और विरोध करने पर गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं।
किसानों का आरोप है कि मूंगफली के भाव करीब 6 हजार रुपये पर अटके हुए हैं, जबकि एक किसान की मूंगफली का भाव महज 3,100 रुपये लगाया गया। किसानों का कहना है कि मंडी में शुरुआती दौर से ही उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा। आरोप है कि व्यापारी एकजुट होकर बोली लगाते हैं और बाद में तय भाव से कम भुगतान करने के लिए बहाने बनाते हैं। विरोध करने पर किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है।
किसानों ने मंडी समिति की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समिति व्यापारियों के पक्ष में खड़ी नजर आती है। सड़क पर जाम लगने की सूचना के बाद मंडी समिति के सचिव और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। हालांकि, मामले के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी नजर नहीं आई।
सवाल यह है कि अन्नदाता की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और बोली के अनुसार भुगतान कराने की जिम्मेदारी किसकी है। किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर मंडी प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर अब नजर रहेगी।

Post a Comment

0 Comments