सीहोर पंचायत में स्वच्छता अभियान की खुली पोल, गंदे पानी में डूबा आम रास्ता।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे /जो दिखे उसके पार - लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों को गंदगी से निजात नहीं सीहोर पंचायत के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल।
शिवपुरी के नरवर में एक ओर स्वच्छता अभियान के तहत गांव-गांव में साफ-सफाई के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं और इस पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर नरवर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत सीहोर में गंदगी से भरे रास्ते स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रहे हैं। यहां मुख्य सड़क से बस्ती में जाने वाला आम रास्ता गंदे पानी से जलमग्न है। हैरानी की बात यह है कि वर्तमान में बारिश नहीं होने के बावजूद रास्ते पर गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*एक ओर मकान दूसरी ओर तालाब की पार, बीच में जोखिम भरा रास्ता*
ग्राम पंचायत सीहोर में मेन बस स्टैंड पर जल्लू कुशवाह के घर से दाऊ बाबा के स्थान तक जाने वाले रास्ते से लगी नाली की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं सिद्ध बाबा तालाब से आमखो तक जाने वाला मुख्य आम रास्ता भी गंदे पानी से भरा हुआ है। रास्ते की एक ओर मकान हैं तो दूसरी ओर तालाब की पार होने के कारण यहां से गुजरना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा हो गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना इस मार्ग से निकलने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
*नालियों की सफाई पर सवाल बदबू और मच्छरों से ग्रामीण परेशान*
ग्रामीणों की परेशानी केवल जलभराव तक सीमित नहीं है। रास्ते पर लंबे समय से जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों की अधिकता लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है।  ग्रामीणों से बताया कि संबंधित मार्ग पर नाले की नियमित सफाई भी नहीं कराई गई, जिसके चलते समस्या लगातार बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब गांव के आम रास्तों की सफाई व्यवस्था ही दुरुस्त नहीं है, तो स्वच्छता अभियान का लाभ आखिर ग्रामीणों तक कैसे पहुंचेगा।
*स्वच्छता अभियान का संदेश देने वाली पंचायत खुद कब होगी जागरूक*
स्वच्छता अभियान के तहत आमजन को साफ-सफाई रखने और अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया जाता है। लेकिन सीहोर पंचायत की तस्वीरें पंचायत के जिम्मेदार प्रतिनिधियों और सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। जब सार्वजनिक रास्ते गंदे पानी से भरे हों और नालियों की सफाई नहीं हो रही हो, तो पंचायत स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा है। पंचायत के निरीक्षण पर भी सवाल उठ रहा है। क्या पंचायत के जिम्मेदारों को ग्रामीणों की इस परेशानी की जानकारी नहीं है। यदि जानकारी है, तो अब तक जलभराव दूर करने और नाले की सफाई कराने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए, स्वच्छता के नाम पर खर्च होने वाली राशि का धरातल पर कितना असर दिखाई दे रहा है।
*इनका कहना है*
इस मामले में स्वच्छता अभियान  ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अजय यादव से प्रतिक्रिया ली गई। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और पंचायत के जिम्मेदार इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं। ग्रामीणों को गंदे पानी, दुर्गंध और मच्छरों से कब निजात मिलेगी तथा सिद्ध बाबा तालाब से आमखो और बस स्टैंड से दाऊ बाबा के स्थान तक का आम रास्ता कब साफ-सुथरा और सुरक्षित हो सकेगा।

बड़ा सवाल यह है कि- जब स्वच्छता अभियान पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो सीहोर पंचायत के ग्रामीणों को साफ रास्ता और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा।

Post a Comment

0 Comments