🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार-
शिवपुरी शहर के विष्णु मंदिर के पास युवती से कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो 25 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद थाना फिजिकल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से अपने भाई के दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर पुरानी शिवपुरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओरा कार में सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसकी स्कूटी का पीछा किया और विष्णु मंदिर के पास कार में बैठे युवकों ने युवती की ओर अश्लील इशारे किए और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
युवती ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युवती के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। पास की एक दुकान पर काम करने वाली युवती जब बीच-बचाव करने पहुंची, तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना बढ़ती देख राहगीरों ने हस्तक्षेप किया और बीच-बचाव किया। इस दौरान एक आरोपी को पकड़कर थाना फिजिकल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
SP के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी फिजिकल निरीक्षक अविनाश राठौड़ को दिए।
इन निर्देशों के पालन में थाना फिजिकल पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर चार आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 75, 76, 79, 115(2), 296(बी), 351(3) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है।
एक आरोपी गिरफ्तार तीन की तलाश में जुटी पुलिस
थाना फिजिकल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेन्द्र उर्फ जन्डेल सिंह गुर्जर (30 वर्ष), पुत्र जगन्नाथ गुर्जर, निवासी पुराना अमोला, मामौनी रोड, थाना अमोला, जिला शिवपुरी के रूप में की है। वह वर्तमान में नई फ्रूट मंडी के सामने, खेत सिंह खंगार कॉलोनी, थाना देहात शिवपुरी क्षेत्र में रह रहा था।
अब सवाल यह है शहर में भी सुरक्षित नहीं युवतियां
मनचलों के इतने हौंसले बुलंद हो गए कि दिनदहाड़े युवतियों के साथ इस तरह के कृत सड़क पर रास्ते के बीचों बीच यूं युवतियों के साथ छेड़छाड़ और मारपीट एवं सार्वजनिक स्थान पर युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होगी और फरार आरोपियों को कब तक गिरफ्तार किया जाएगा।

0 Comments