🔍संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार - शिवपुरी के नरवर थाना क्षेत्र की मगरौनी चौकी पुलिस ने ग्राम खोड़ बावड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर घर पर हमला करने, मारपीट और गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 16 अगस्त 2026 को फरियादी देशराज उर्फ लवकुश निवासी ग्राम खोड़ बावड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते कई आरोपी एकराय होकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सुरेंद्र गुर्जर ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से बंदूक से गोली चलाई, जो घर में रखे कूलर में लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नरवर में अपराध क्रमांक 153/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 296(अ), 189(1), 189(4), 190 एवं 333 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जो वर्तमान में उपजेल करैरा में निरुद्ध हैं।
*मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी*
17 अक्टूबर को मगरौनी चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गढ़ोली से लवकुश गुर्जर पुत्र रणवीर गुर्जर (32 वर्ष) और रामकुमार उर्फ टिल्लू गुर्जर पुत्र केदार गुर्जर (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गढ़ोली, को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मामले में फरार चल रहे थे और उन पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उक्त कार्रवाई नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप भदौरिया के नेतृत्व में मगरौनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक भोले राजावत तथा आरक्षक रविन्द्र भास्कर, सचिन यादव, राहुल रावत, राघवेन्द्र तोमर और दामोदर परिहार की विशेष भूमिका रही।

0 Comments