शिवपुरी जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिछोर और हिम्मतपुर चौकी पुलिस ने लूट के मामले में पिछले करीब छह वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी सुभाष यादव को गिरफ्तारकिया। पुलिस ने आरोपी को दिनारा स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की अधिक से अधिक तामीली के लिए सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के चलते पिछोर पुलिस लगातार फरार वारंटियों की तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना पिछोर के अपराध क्रमांक 42/17, धारा 394 भादवि एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के मामले में फरार स्थायी वारंटी सुभाष यादव पुत्र राकेश यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खरग, थाना जिगना, जिला दतिया दिनारा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने आरटीओ चेक पोस्ट के पास दिनारा पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय पिछोर के प्रकरण क्रमांक SCDOCT-02/20 में स्थायी वारंट लंबित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
चौकी प्रभारी की सक्रियता से मिली सफलता वारंटी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी हिम्मतपुर उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सामने आई। मुखबिर से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ समन्वय कर आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया। उनकी सक्रियता और सतत निगरानी के चलते लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को पुलिस गिरफ्त में लाया जा सका।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, चौकी प्रभारी हिम्मतपुर उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी, प्रधान आरक्षक 193 अरविंद कुमार मांझी, आरक्षक 130 अंकित सिंह, 466 बलवीर सिंह, चालक आरक्षक 777 मनीष गोस्वामी एवं सैनिक 280 सिरनाम सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments