कोलारस में प्रशासन का बड़ा एक्शन, करोड़ों की सरकारी जमीन से हटाए अवैध कब्जे, 16 सर्वे नंबरों की 4.816 हेक्टेयर भूमि कराई मुक्त।

जगतपुर में एक करोड़ और कोलारस नगर में चार करोड़ की जमीन पर था कब्जा, बेदखली आदेश के बाद राजस्व, पुलिस और नगर निकाय की संयुक्त कार्रवाई

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को कोलारस अनुविभाग में प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जगतपुर और कोलारस नगर में करोड़ों रुपये मूल्य की बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस कार्रवाई में जहां ग्राम जगतपुर की करीब एक करोड़ रुपये कीमत की जमीन खाली कराई गई, वहीं कोलारस नगर में माफी राम जानकी मंदिर के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य की भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम कोलारस शिवदयाल धाकड़ और तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने किया। राजस्व अमले, नगर निकाय के कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

जगतपुर में पांच सर्वे नंबरों से हटाया कब्जा
प्रशासन की पहली कार्रवाई ग्राम जगतपुर में शासकीय आबादी गांवठान की भूमि पर की गई। यहां सर्वे नंबर 34, 27, 28, 30 और 35 की कुल पांच जमीनों पर अवैध कब्जा पाया गया था। इन सभी का कुल रकबा 0.272 हेक्टेयर है। प्रशासन के अनुसार अनिल कुमार, सुनील कुमार, मनीष कुमार और लोकेन्द्र कुमार द्वारा इस भूमि पर बाउंड्री बनाकर कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाकर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की इस शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया। इसके बाद जमीन नगर परिषद को सुपुर्द कर दी गई।
कोलारस में 16 सर्वे नंबरों से भूमि मुक्त कराई 
दूसरी बड़ी कार्रवाई कोलारस नगर में की गई। यहां राजस्व अभिलेखों में माफी राम जानकी मंदिर के नाम से दर्ज भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया था। प्रशासन ने सर्वे नंबर 726 से 732 तक के सात किता और सर्वे नंबर 1507 से 1515 तक के नौ किता सहित कुल 16 सर्वे नंबरों की 4.816 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
इस भूमि पर प्रदीप बैरागी, मुरारी पाल, दामोदरदास बैरागी, संजय बैरागी, सोनू बैरागी, योगेश बैरागी और राहुल बैरागी के कब्जे बताए गए थे। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को मुक्त कराकर हल्का पटवारी 
एवं ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया।

पहले दिया गया था सात दिन का समय फिर चला बुलडोजर 
प्रशासन के अनुसार दोनों मामलों में तहसीलदार न्यायालय में विधिवत प्रकरण दर्ज कर सुनवाई की गई थी। न्यायालय द्वारा बेदखली के आदेश पारित करते हुए संबंधित लोगों को सात दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा में कब्जे नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने पुलिस बल और राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर बेदखली की कार्रवाई की।

पांच करोड़ की जमीन हुई अतिक्रमण मुक्त 
इस पूरी कार्रवाई में ग्राम जगतपुर और कोलारस नगर की लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय और मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति को कब्जों से मुक्त कराने की इस कार्रवाई के बाद अब सवाल यह भी है कि जिले के अन्य क्षेत्रों में सरकारी और सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर हुए अतिक्रमणों को लेकर प्रशासन कब इसी तरह सख्ती दिखाएगा।

Post a Comment

0 Comments