त्योहार आते ही जागा नाप-तौल विभाग 193 दुकानों की जांच, 35 पर कार्रवाई, अब सवाल- बाकी महीनों में कहां रहती है सक्रियता।

मिठाई में डिब्बे का वजन जोड़कर ग्राहकों को चूना लगाने वालों पर शिकंजा, किराना से सर्राफा दुकानों तक जांच; खाद्य सुरक्षा विभाग के बाद अब नाप-तौल विभाग को भी याद आया अपना दायित्व।
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी त्योहारों का सीजन शुरू होते ही सरकारी विभागों की सक्रियता भी अचानक बढ़ने लगी है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान के बाद अब नाप-तौल विभाग भी मैदान में उतर आया है। दीपावली से पहले विभाग ने जिलेभर में 193 व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच कर 35 संस्थानों के खिलाफ विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
इस कार्रवाई में किराना, सर्राफा, मिठाई, नमकीन, बर्तन हार्डवेयर और पेंट्स सहित कई कारोबार शामिल रहे 
जांच के दौरान सामने आई अनियमितताएं यह सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाला विभाग नियमित रूप से कितना सक्रिय रहता है? क्या व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच केवल त्योहारों के आसपास ही की जाती है या फिर आम दिनों में भी उपभोक्ताओं के अधिकारों को लेकर विभाग इसी तरह गंभीर रहता है?

193 दुकानों की जांच, 35 के खिलाफ दर्ज हुए प्रकरण 
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर दशहरा और दीपावली के मद्देनजर नाप-तौल विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। नाप-तौल निरीक्षक आर.के. चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिलेभर में 193 व्यापारिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
जांच में 28 संस्थानों के नाप-तौल उपकरणों का निर्धारित समय पर सत्यापन नहीं कराया जाना सामने आया। वहीं दो संस्थानों में सत्यापन से संबंधित दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा पांच मिठाई विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों को निर्धारित मात्रा से कम मिठाई बेचने के मामले सामने आए। इन सभी मामलों में कुल 35 संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक प्रकरण दर्ज किए गए।

किस कारोबार पर कितनी कार्रवाई
विभाग की कार्रवाई में सबसे अधिक नौ मामले मिठाई-नमकीन कारोबारियों के सामने आए। इसके अलावा सात सर्राफा व्यवसायियों, छह किराना दुकानदारों, छह हार्डवेयर-पेंट्स कारोबारियों, तीन बर्तन विक्रेताओं और चार अन्य व्यापारिक संस्थानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर ग्राहकों को न लगाएं चूना
त्योहारी सीजन में मिठाई की खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं के साथ होने वाली गड़बड़ी को देखते हुए विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को विशेष हिदायत दी है। निरीक्षक आर.के. चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया है कि मिठाई तौलते समय डिब्बे का वजन मिठाई के वजन में शामिल नहीं किया जाए। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान के सूचना पटल पर यह भी प्रदर्शित करना होगा कि मिठाई की तौल में डिब्बे का वजन शामिल नहीं है।
निर्देशों का पालन नहीं करने वाले मिठाई विक्रेताओं के खिलाफ विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई शुरू हुई, लेकिन क्या त्योहारों के बाद भी जारी रहेगी निगरानी?

खाद्य सुरक्षा विभाग के बाद अब नापतौल विभाग की सक्रियता ने उपभोक्ताओं में राहत की उम्मीद जगाई है 
लेकिन इस अभियान के साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है। आखिर नाप-तौल उपकरणों का सत्यापन, सही वजन और उपभोक्ताओं के अधिकारों की निगरानी के लिए विभाग को विशेष त्योहारों का इंतजार क्यों करना पड़ता है?
क्या दीपावली के बाद भी बाजारों में इसी तरह नियमित जांच होगी? क्या मिठाई, किराना, सर्राफा और अन्य प्रतिष्ठानों पर सालभर निगरानी रखी जाएगी या फिर त्योहार समाप्त होते ही विभाग की यह सक्रियता भी ठंडे बस्ते में चली जाएगी?
उपभोक्ताओं को केवल त्योहारों में ही नहीं, साल के पूरे 12 महीने सही वजन और सही कीमत का अधिकार है। ऐसे में असली परीक्षा कार्रवाई की संख्या नहीं, बल्कि विभाग की नियमित सक्रियता और उसकी निरंतरता होगी।

खबर का मुख्य सवाल त्यौहारों पर कार्रवाई करके विभाग अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं, लेकिन आम दिनों में उपभोक्ताओं को सही तौल और पारदर्शी व्यापार की गारंटी कौन देगा?

Post a Comment

0 Comments