केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- शिवपुरी के खिलाड़ियों के सपने ओलंपिक तक पहुंचने चाहिए, 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी ले रहे हैं हिस्सा
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी मध्यप्रदेश में शिवपुरी अब खेल प्रतिभाओं के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। यहां पहली बार आयोजित हो रही 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक वर्ग) ने शहर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। गुरुवार को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 38 राज्यों एवं इकाइयों से आए 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव की बात है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं, बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने और अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवपुरी से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे और ओलंपिक में पदक जीतकर तिरंगा फहराएंगे।
क्रिकेट के मैदान में भी उतरे सिंधिया खिलाड़ियों के साथ खेला क्रिकेट
राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुभारंभ से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं क्रिकेट के मैदान में उतरकर बल्ले पर हाथ आजमाया और खिलाड़ियों के साथ खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री का खिलाड़ियों के बीच पहुंचना आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
पिता की खेल भावना को आगे बढ़ाना ही संकल्प
सिंधिया ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परिसर उनके पूज्य पिता श्रीमंत माधवराव सिंधिया के नाम पर है। उनके पिता का खेलों के प्रति विशेष लगाव था। उनका मानना था कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलें। आज इसी परिसर में देश के अलग-अलग राज्यों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखना संतोष का विषय है। इस खेल परिसर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का प्रमुख केंद्र बनाना उनकी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
खेल की सुविधाओं के मामले में नई पहचान बना रहा शिवपुरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेष रूप से मध्यप्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का शिवपुरी में स्थापित होना गौरव की बात है। यह देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी है। उन्होंने कहा कि जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बाद अब राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि शिवपुरी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित कर रहा है।
शिवपुरी की बेटियों ने भी बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
सिंधिया ने क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शिवपुरी की बेटियां भी खेलों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने प्रसिद्ध क्रिकेटर कपिल यादव की बेटियों दक्षता यादव और लावन्या यादव का अंडर-17 मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम में चयन होने पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से साबित होता है कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की। उनका सपना है कि शिवपुरी का कोई बेटा या बेटी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने, हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करे और एथलेटिक्स में विश्व स्तर पर तिरंगा फहराए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा प्रोत्साहन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में खेलों के प्रति सोच, सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से स्कूलों और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को पहचानने, प्रशिक्षण देने और उन्हें प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की बढ़ती खेल क्षमता और सामर्थ्य को दर्शाती हैं।
अनुभव और आत्मविश्वास लेकर लौटें खिलाड़ी
सिंधिया ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीतने वाला खिलाड़ी पदक लेकर जाएगा, लेकिन प्रत्येक खिलाड़ी यहां से अनुभव, आत्मविश्वास और नई प्रेरणा लेकर लौटे, यही इस आयोजन की वास्तविक सफलता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आने वाले समय में ऐसी खेल प्रतिभाओं को तैयार करेगा, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

0 Comments