सफेद कुर्ता-पायजामा पहने व्यक्ति की पहचान में जुटी सीहोर थाना पुलिस, मर्ग कायम कर जांच शुरू
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहगवां में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित उलवाह वाला हार नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बहगवां निवासी रामलाल कोटवार ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने घर से नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जानकारी मिलते ही सीहोर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला वहीं मृतक की उम्र लगभग 45 से 55 वर्ष के बीच अनुमानित बताई गई है। व्यक्ति सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहने हुए था। पायजामे के अंदर काले रंग का गर्म इनर भी पहने होने की जानकारी सामने आई है। मृतक के गले में माला पड़ी हुई थी। पानी में पड़े रहने के कारण शव काफी फूलकर खराब हालत में पहुंच चुका था।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के शव के संबंध में मर्ग क्रमांक 15/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला कायम कर जांच में लिया है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना देकर मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
कौन है मृतक नदी तक कैसे पहुंचा जांच में जुटी पुलिस
नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक कौन है, वह कहां का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचा।उसकी मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। इन सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।

0 Comments