धनतेरस पर आमजन के बीच पहुंचे कलेक्टर अर्पित वर्मा, सड़क किनारे बैठे स्थानीय कारीगरों से चर्चा पर खिल उठे चेहरे।

मुख्य बाजार में दुकानदारों से की खरीदारी, कोर्ट रोड पर माटीकला शिल्पियों से खरीदे मिट्टी के दीये, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का दिया संदेश

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी शहर में दीपावली के पर्व की खुशियों के बीच स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से धनतेरस के अवसर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा शहर के मुख्य बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने आम नागरिकों के बीच पहुंचकर न केवल स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी की, बल्कि पारंपरिक माटीकला से जुड़े शिल्पकारों के हुनर और उनकी मेहनत को भी सम्मान दिया। कलेक्टर के इस सहज और आत्मीय व्यवहार से स्थानीय दुकानदारों एवं कारीगरों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
धनतेरस के अवसर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मुख्य बाजार में स्थानीय दुकानदारों से पटाखों की खरीदारी की। इसके बाद वे कोर्ट रोड पहुंचे, जहां मिट्टी के पारंपरिक दीये तैयार कर बेचने वाले माटीकला शिल्पियों से मुलाकात की। उन्होंने कारीगरों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीये खरीदे और उनसे आत्मीय संवाद कर उनके कामकाज, मेहनत, अनुभव तथा पारंपरिक कला से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कलेक्टर ने कारीगरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके हुनर की सराहना की। मिट्टी के दीये बनाने वाले इन शिल्पकारों के लिए दीपावली का पर्व केवल त्योहार नहीं, बल्कि सालभर की मेहनत और आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर भी होता है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी का स्वयं बाजार पहुंचकर उनसे खरीदारी करना और उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करना उनके लिए उत्साह बढ़ाने वाला रहा । वहीं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश दिया। उनका यह प्रयास इस बात को भी रेखांकित करता है कि त्योहारों की वास्तविक खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उनकी रोशनी समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और स्थानीय स्तर पर रोजगार से जुड़े लोगों को भी इसका लाभ मिले।
दीपावली पर बाजारों में खरीदारी की रौनक के बीच स्थानीय कारीगरों के बनाए मिट्टी के दीयों का अपना अलग महत्व है। इन दीयों के माध्यम से न केवल हमारी पारंपरिक संस्कृति और कला जीवित रहती है, बल्कि कुम्हार एवं शिल्पकार परिवारों की आजीविका को भी सहारा मिलता है।
कलेक्टर का आमजन के बीच पहुंचना और स्थानीय कारीगरों से सीधे संवाद करना धनतेरस के अवसर पर एक सकारात्मक संदेश देता नजर आया। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि इस दीपावली पर स्थानीय कारीगरों के हाथों से बने मिट्टी के दीये खरीदें, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें और उन परिवारों के घरों में भी खुशियों का उजाला फैलाएं, जिनकी मेहनत से दीपावली की रोशनी और भी खास बनती है।

Post a Comment

0 Comments