शिवपुरी में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 46 वाहनों की जांच 4 जब्त, 1.07 लाख रुपये से अधिक राजस्व वसूला।

बिना टैक्स और नियमों का उल्लंघन कर संचालित वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, रन्नौद और सतनवाड़ा थाने में जब्त वाहन खड़े कराए

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटरयान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशों के पालन में वरिष्ठ जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह एवं परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 46 वाहनों की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर विभागीय टीम ने चार वाहनों को जब्त कर थानों में सुरक्षार्थ खड़ा कराया।
परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान पहले चरण में एक वाहन जब्त कर रन्नौद थाने में रखवाया गया। इसके बाद अगले दिन अभियान को आगे बढ़ाते हुए तीन अन्य वाहनों को जब्त कर थाना सतनवाड़ा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इस तरह अभियान के दौरान कुल चार वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

बकाया टैक्स के रूप में 73 हजार रुपए से अधिक जमा 
वाहन चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के दस्तावेजों और बकाया कर की भी जांच की। इस दौरान दो वाहनों से बकाया मोटरयान कर के रूप में 73 हजार 179 रुपये जमा कराए गए। वहीं, नियमों के उल्लंघन पर अन्य अर्थदंड के रूप में 34 हजार 500 रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार विभाग ने कुल 1 लाख 7 हजार 679 रुपये का राजस्व वसूल किया।

आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान
इस कार्रवाई को सफल बनाने में परिवहन विभाग की टीम के सदस्य पुरुषोत्तम बाथम, दिलशाद खान एवं राजेंद्र शर्मा ने सक्रिय सहयोग दिया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, बकाया मोटरयान कर की वसूली करने और बिना आवश्यक दस्तावेजों एवं वैधानिक अनुमति के संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में इस तरह के सघन वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments