मगरौनी में जनसंवाद एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया और विधायक रमेश खटीक ने सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर कराया शिकायतों का निराकरण।

350 से 400 लोगों और व्यापारियों ने लिया हिस्सा, यातायात, जनसुरक्षा, अवैध नशे और कानून व्यवस्था के मुद्दे उठे; अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याएं सुलझाने के निर्देश

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी के नरवर,मगरौनी आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस चौकी मगरौनी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं करैरा विधायक श्री रमेश खटीक ने क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारी वर्ग से सीधा संवाद किया। इस दौरान करीब 350 से 400 लोगों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।
कार्यक्रम में एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला, नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण जादौन, मगरौनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र परिहार सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

यातायात और अवैध नशे का मुद्दा प्रमुखता से उठा 
जनसंवाद के दौरान क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा, अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। लोगों ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
एसपी ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साइबर ठगी से बचने नागरिकों को किया जागरूक
एसपी ने आमजन को सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस के साथ सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। साथ ही नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और साइबर ठगों के झांसे में नहीं आने की समझाइश दी।
जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन और व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में पहल की। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।


Post a Comment

0 Comments