दो मासूम बच्चों की मां 48 दिनों से लापता, पति ने एसपी से लगाई पत्नी को तलाशने की गुहार।

30 सितंबर से गायब है मनीषा जाटव, लुकवासा थाने में दर्ज है गुमशुदगी विशेष पुलिस टीम गठित कर तलाश कराने की मांग

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले के लुकवासा थाना क्षेत्र के ग्राम खरेई से एक महिला के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। गांव निवासी घनश्याम जाटव की पत्नी मनीषा जाटव 30 सितंबर 2026 से लापता है। घटना को 48 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं लग सका है। इधर, घर में दो मासूम बच्चे अपनी मां की राह देख रहे हैं, वहीं पति पत्नी की तलाश में पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।
पीड़ित घनश्याम जाटव के अनुसार, पत्नी के लापता होने के बाद उसने लुकवासा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी मनीषा का पता नहीं चल पाया है। पत्नी की कोई जानकारी नहीं मिलने से पूरा परिवार परेशान है। सबसे ज्यादा परेशानी उन दो मासूम बच्चों को हो रही है, जो अपनी मां के वापस लौटने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस की अब तक की तलाश और जांच को लेकर चिंतित घनश्याम जाटव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर पत्नी की तलाश तेज कराने की मांग की। आवेदन में विशेष पुलिस टीम गठित करने के साथ मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की तलाश कराने की गुहार लगाई गई है।
अब पुलिस की जांच पर सवाल आखिर 48 दिनों से लापता महिला का अब तक कोई सुराग क्यों नहीं मिल पाया। क्या पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी जांच की है  दो मासूम बच्चों की मां की तलाश के लिए अब तक क्या प्रयास किए गए हैं। पीड़ित परिवार की मांग है कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित करे और मनीषा जाटव को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर परिवार से मिलाए।

Post a Comment

0 Comments