मड़ीखेड़ा लाइन बंद, फिल्टर प्लांट से भी नहीं मिल रहा पानी; दूषित पानी पीने को मजबूर लोग, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी शहर में पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड क्रमांक 38 स्थित फक्कड़ कॉलोनी के रहवासी पिछले 6 से 8 महीनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी दर-दर भटकना पड़ रहा है। नगर पालिका से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 तक शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार मंगलवार को कॉलोनी के रहवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में कलेक्टर से पानी की समस्या दूर कराने की गुहार लगाई।
रहवासियों ने बताया कि पहले कॉलोनी में मड़ीखेड़ा पेयजल योजना की सप्लाई बंद कर दी गई और इसके बाद फिल्टर प्लांट से मिलने वाला पानी भी आना बंद हो गया। पिछले कई महीनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मजबूरी में लोग गंदा और दूषित पानी इस्तेमाल करने को विवश हैं, जिससे खासकर बच्चों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। पानी के टैंकर मंगवाने के लिए 500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बार-बार टैंकर खरीदना संभव नहीं है। पानी की व्यवस्था करने में ही लोगों का समय और पैसा खर्च हो रहा है, जिससे उनके रोजमर्रा के कामकाज और रोजगार पर भी असर पड़ रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदारों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर के एक वार्ड में महीनों से पेयजल आपूर्ति ठप है तो नगर पालिका का जलप्रदाय विभाग आखिर क्या कर रहा है। क्या अधिकारियों को कॉलोनी के लोगों की परेशानी दिखाई नहीं दे रही।
जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर रहवासियों ने मांग की कि पेयजल संकट की जांच कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए और फक्कड़ कॉलोनी में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित कराई जाए।
अब सवाल यह है कि फक्कड़ कॉलोनी के लोगों को आखिर कब तक बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ेगा। क्या नगर पालिका प्रशासन पेयजल संकट से जूझ रहे परिवारों को राहत दिलाएगा या फिर शिकायतों के बाद भी जिम्मेदारों की अनदेखी जारी रहेगी।

0 Comments