दीपावली से पहले शिवपुरी पुलिस और नगर पालिका का बाजार में एक्शन, दुकानों के बाहर से हटवाया अतिक्रमण।

शहर की कोर्ट रोड, गांधी चौक, सर्राफा और प्रगति बाजार में संयुक्त कार्रवाई, दो दुकानदारों के काटे चालान धनतेरस-दीपावली के लिए तीन पार्किंग स्थल और डायवर्सन प्लान तैयार
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में सोमवार, 2 नवंबर को यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों में कार्रवाई करते हुए दुकानों के सामने किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया।
संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक, सर्राफा बाजार और प्रगति बाजार में पहुंचकर दुकानों के बाहर रखे सामान और अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर किसी प्रकार का सामान रखकर अतिक्रमण न करें। इससे बाजार में आवागमन बाधित होता है और त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति निर्मित होती है। कार्रवाई के दौरान सर्राफा बाजार में दो दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।
धनतेरस और दीपावली पर यहां होगी वाहनों की पार्किंग 
त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए तीन पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें पोलो ग्राउंड, पुराना आरटीओ कार्यालय और कस्टम गेट शामिल हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि बाजारों में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

तीन स्थानों से लागू होगा ट्रैफिक सिस्टम
धनतेरस और दीपावली के दिन यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान भी तैयार किया है। इसके तहत लक्ष्मी निवास, पुराना बस स्टैंड और कस्टम गेट से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करना और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने दुकानदारों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि त्योहारों के दौरान निर्धारित पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन करें। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें, जिससे दीपावली पर बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम और अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments