भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से यादव समाज में आक्रोश, यादव महासभा ने जताई कड़ी नाराजगी।

धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान की निंदा कर कार्रवाई की मांग, धार्मिक मंचों से मर्यादित भाषा के प्रयोग की अपील
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के बीच अंतर बताने तथा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किए जाने के मामले में यादव समाज ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस संबंध में यादव महासभा जिला शिवपुरी ने विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित बयान की निंदा की और कार्रवाई की मांग की है। 
जहां एक ओर शिवपुरी में ज्ञापन दिया गया वहीं जिले के बैराड़ में भी ओबीसी महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष केशव सिंह यादव के साथ कार्यकर्ताओं एवं अन्य समाज के लोग धीरेन्द्र शास्त्री के बयान के विरोध में पुतला लेकर बाजार से निकले और दहन किया।
यादव महासभा के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल यादव समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से संपूर्ण मानवता को कर्म, धर्म, सत्य और न्याय का मार्ग दिखाया है। ऐसे आराध्य के संबंध में इस प्रकार की टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। 
ओबीसी महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष केशव सिंह यादव ने कहा धीरेन्द्र शास्त्री कथा वाचक होते हुए आमजन को ज्ञान की ओर जागरूक करने के अलावा भगवानों पर गलत तरीके से टिप्पणी करना यह कतई बर्दाश्त नही किया जाएगा, धार्मिक मंचों से ऐसी भाषा और वक्तव्यों का प्रयोग नहीं होना चाहिए, जिससे किसी समाज की आस्था को ठेस पहुंचे अथवा सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

Post a Comment

0 Comments