खोड़ में जनसमस्या निवारण कार्यक्रम आयोजित, कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश।

विधायक देवेंद्र जैन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं, स्थानीय स्तर पर समाधान दिलाने की पहल
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खोड़ उप तहसील परिसर में जनसमस्या निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं विधायक देवेंद्र जैन विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय ग्रामीण अंचल के नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है, ताकि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों और कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। इस कैंप के दौरान राजस्व, नामांतरण, बिजली, पानी, कब्जा, अतिक्रमण, राशन, बीपीएल कार्ड, पेंशन, सहकारिता एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने एक-एक आवेदन को गंभीरता ओर संवेदनशीलता के साथ सुना जिसमें कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र पाए गए हितग्राहियों— खोड़ निवासी कोमल प्रसाद और ग्राम शेरगढ़ निवासी रामदेवी प्रजापति और चंदावनी की लीला आदिवासी के नाम तत्काल बीपीएल सूची में जोड़े गए। लीला आदिवासी का नाम न केवल बीपीएल सूची में जोड़ा गया बल्कि इस शिविर के माध्यम से तत्काल आहार अनुदान योजना में भी नाम शामिल किया गया है। इस जनसुनवाई में कई आवेदक अपनी समस्या लेकर पहुंचे और तत्काल समस्या का निराकरण पाकर हंसते हुए अपने घर लौटे। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
जुड़वां बेटियों के आधार की समस्या का हुआ तत्काल समाधान
शिविर में एक अन्य संवेदनशील मामले का त्वरित समाधान देखने को मिला। लंबे समय से अपनी जुड़वां बेटियों (रिद्धि और सिद्धि लोधी) के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं से परेशान एक पिता अपनी फरियाद लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने मामले पर तत्काल संज्ञान लिया। ई गवर्नेंस मैनेजर को तत्काल आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। जाँच के दौरान बड़ी बेटी रिद्धि लोधी का आधार कार्ड पूर्व से बना हुआ पाया गया, जिसे तुरंत प्रिंट करवाकर सौंपा गया। वहीं, छोटी बेटी सिद्धि लोधी के नए आधार कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई गई। इस तत्परता से आवेदक पिता ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।  
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन मामलों में मौके पर ही समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक देरी किए बिना ग्रामीणों को राहत उपलब्ध कराई जाए।

विधायक देवेंद्र जैन ने कहा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा आमजन को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसमस्या निवारण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी से बचाना और प्रशासन को सीधे गांवों के लोगों के बीच पहुंचाकर उनकी शिकायतों का निराकरण करना रहा। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।

Post a Comment

0 Comments