नरवर के बरखाड़ी गांव में आबकारी विभाग की दबिश, 36 लीटर अवैध शराब जब्त एक आरोपी गिरफ्तार

मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त बताई गई शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल।
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में करैरा वृत्त की आबकारी टीम ने नरवर क्षेत्र के ग्राम बढ़खाड़ी में दबिश देकर 36 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने ग्राम बढ़खाड़ी में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को मौके से 36 लीटर ऐसी अवैध मदिरा मिली, जिसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त बताया गया है। टीम ने शराब जब्त कर मौके से कल्लू पुत्र हरबिलास केवट (51 वर्ष), निवासी ग्राम बढ़खाड़ी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विभागीय जानकारी के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में की गई। इसमें वृत्त करैरा प्रभारी राहुल गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, बृजराज शर्मा, लोकेश बेवारिया सहित आबकारी बल और होमगार्ड के जवान शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, गश्त और चेकिंग बढ़ाई जाएगी तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments