देशी कट्टे से गोली मारकर हत्या का किया था प्रयास, पांच आरोपियों ने मिलकर बनाई थी सतेन्द्र साहू को रास्ते से हटाने की योजना पुलिस ने जेरा घाटी से तीन आरोपियों को दबोचा
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी के खनियाधाना थाना क्षेत्र में युवक पर देशी कट्टे से फायर कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें उपजेल पिछोर भेज दिया गया। इस मामले में आरोपियों ने कथित तौर पर युवक की हत्या की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, फरियादी सतेन्द्र साहू (33 वर्ष) निवासी बंशीवट मोहल्ला, खनियाधाना ने 30 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनिल यादव निवासी चरकोली, हाल निवासी मुहासा एवं उसके अन्य साथियों ने उसे जान से मारने की नीयत से देशी कट्टे से गोली मारी और उसके साथ मारपीट की। इस शिकायत पर थाना खनियाधाना में अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296(ए), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पहले रची गई थी हत्या की साजिश
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी अनिल यादव से पूछताछ में सामने आया कि सतेन्द्र साहू को रास्ते से हटाने के लिए आरोपियों ने पहले से योजना बनाई थी। अनिल यादव ने अपने कथनों में विजयपाल यादव, गंधर्व सिंह यादव, बल्लू यादव, जीतू उर्फ जितेन्द्र वाल्मीकि, ढालू यादव और मुकेश यादव सहित अन्य लोगों के साथ सतेन्द्र को निपटाने की बातचीत होने की जानकारी दी थी। 29 सितंबर को आरोपी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से खनियाधाना के बंशीवट पहुंचे थे। अगले दिन 30 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे सभी आरोपी राजेन्द्र सिंह यादव के घर के सामने पहुंचे और सतेन्द्र साहू के दुकान पर आने का इंतजार करने लगे। जैसे ही सतेन्द्र स्कूटी से वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अनिल यादव ने कथित तौर पर एक बोर के देशी कट्टे से सतेन्द्र पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 का इजाफा किया था। इस मामले में अनिल यादव को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 8 अक्टूबर को आरोपी मुकेश यादव उर्फ हरपाल यादव को भी गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है।
जेरा घाटी से तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया एवं क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में खनियाधाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 17 नवंबर को जेरा घाटी में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बब्लू यादव (28 वर्ष) निवासी खड़ीचरा थाना मायापुर, ढालू यादव (41 वर्ष) निवासी मुहासा थाना मायापुर तथा जीतू उर्फ जितेन्द्र वाल्मीकि (25 वर्ष) निवासी मुहासा थाना मायापुर शामिल हैं। तीनों को न्यायालय खनियाधाना में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें उपजेल पिछोर भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह किरार, उपनिरीक्षक अजय पटेल, आरक्षक 635 आशीष राजपूत एवं आरक्षक 688 आलोक जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 Comments