वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद वार्ड 29 में नहीं हुआ निर्माण कार्य, कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर की शिकायत
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी नगर पालिका शिवपुरी में ठेकेदारों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 29 में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद चार साल बीत जाने पर भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर वार्ड पार्षद के पति मुकेश बाथम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मुकेश बाथम ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में ठेकेदारों की मनमानी इस कदर हावी है कि सरकारी टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं किए जा रहे हैं। वार्ड के रहवासी लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार खुलेआम कहता है कि जिसे शिकायत करनी है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ठेकेदार को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते सरकारी आदेशों और आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है?
जनसुनवाई में दिए आवेदन के माध्यम से मुकेश बाथम ने कलेक्टर से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित ठेकेदार की एफडीआर जब्त करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वार्ड में लंबित सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि चार साल से अधूरे पड़े निर्माण कार्य की जवाबदेही आखिर किसकी है? क्या नगर पालिका प्रशासन ठेकेदार की मनमानी पर लगाम लगाएगा या फिर वार्डवासी इसी तरह सड़क और नाली की समस्या से जूझते रहेंगे?

0 Comments