गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर स्मैक, गांजा, जुआ-सट्टा पर कार्रवाई तक की जिम्मेदारी तय, लंबित मामलों और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर भी जोर
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार-शिवपुरी जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में जिले के समस्त एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में एसपी ने अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्राइम मीटिंग में शिवपुरी, पोहरी एवं पिछोर अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी अपनी-अपनी रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहे। एसपी ने थाना क्षेत्रों में दर्ज अपराधों, लंबित मामलों, चालानों और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
गंभीर अपराधों में अपराधों में गिरफ्तारी और लंबित मामलों में निराकरण पर जोर
एसपी ने चिन्हित एवं गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लंबित अपराधों एवं लंबित चालानों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पीड़िताओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
स्मैक, गांजा और जुआ, सट्टा पर लगेगी लगाम
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। स्मैक, गांजा, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश एवं जिला बदर आरोपियों की नियमित चेकिंग करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
वारंटियों की धरपकड़ के लिए होगी कांबिंग गश्त
एसपी ने बैठक में सभी थानों को एक साथ कॉम्बिंग गश्त करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्थाई वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, गुंडा-बदमाशों एवं जिला बदर आरोपियों की चेकिंग कर अधिक से अधिक वारंट तामील कराने को कहा गया। इसके अलावा होटल और ढाबों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
महिला सुरक्षा, गुमशुदगी नाबालिगों और जनशिकायतों को प्राथमिकता
एसपी ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेकर फरियादियों को उचित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और उनका समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, एससी-एसटी वर्ग से संबंधित लंबित प्रकरणों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई तथा क्षेत्र में अवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए।
साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
बदलते दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया। क्राइम मीटिंग के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, अपराधियों की धरपकड़, लंबित मामलों के निराकरण और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

0 Comments