🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी जिले में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने जिले के उर्वरक प्रतिष्ठानों और खाद गोदामों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड शिवपुरी की टीम ने अलग अलग प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक और ई-विकास पोर्टल की स्थिति का भौतिक सत्यापन भी किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर पांच उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
निरीक्षण के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद के वास्तविक स्टॉक और पोर्टल पर दर्ज जानकारी का मिलान किया। साथ ही इन-ट्रांजिट उर्वरक की मात्रा को तत्काल पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए, ताकि परिवहन में आ रहा खाद का स्टॉक ई-विकास पोर्टल पर दिखाई दे ताकि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए टोकन बनवाने में परेशानी न हो।
विभागीय जांच में नियमों के विपरीत अनियमितताएं मिलने पर कार्तिक बीज भंडार (प्रो. मुन्ना धाकड़), धाकड़ खाद बीज भंडार (प्रो. नरेंद्र धाकड़) तथा धाकड़ खाद बीज भंडार (प्रो. रवि वर्मा) सहित कुल पांच दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने संबंधित विक्रेताओं से निर्धारित समयावधि में जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित करने सहित वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर ही क्यों सक्रिय होता है विभाग।
खाद की किल्लत और वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें किसानों के लिए कोई नई बात नहीं हैं। ऐसे में पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करना निश्चित रूप से विभागीय कार्रवाई का हिस्सा है,
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी आगे भी इसी तरह नियमित और औचक निरीक्षण जारी रख कर लगाम लगाने में कामयाब होते हैं या फिर हालत जस के तस दिखाई देते हैं।
क्या खाद विक्रेताओं के स्टॉक, बिक्री और ई-विकास पोर्टल की जानकारी की लगातार निगरानी की जाएगी या फिर कलेक्टर के निर्देश मिलने के बाद ही विभागीय अमला अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरुकता दिखाएगा।
जिले के किसानों को केवल नोटिस और चेतावनी नहीं, बल्कि समय पर खाद की उपलब्धता, निर्धारित दरों पर बिक्री और कालाबाजारी से मुक्ति चाहिए। अब देखना होगा कि कृषि विभाग की यह कार्रवाई स्थायी निगरानी व्यवस्था में बदलाव करती है या कुछ दिनों बाद फिर वही पुरानी स्थिति सामने आती है।

0 Comments