रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई अपनी कलात्मक प्रतिभा, आशीष रावत ने प्राप्त किया प्रथम स्थान, हॉस्टल प्रबंधक रामगणेश रावत ने विजेताओं को किया सम्मानित
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार- शिवपुरी के बैराड़ में दीपावली पर्व के उल्लास और उत्साह के बीच विद्या मंदिर हॉस्टल बैराड़ में दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हॉस्टल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियां बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से खूबसूरत कलाकृतियों का रूप दिया। रंग-बिरंगी रंगोलियों से हॉस्टल परिसर में दीपावली का उत्सवी माहौल नजर आया। प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें स्थान प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 के आशीष रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 2 के सत्यम केवट द्वितीय और कक्षा 3 के सचिन रावत तृतीय स्थान पर रहे।
बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हॉस्टल प्रबंधक रामगणेश रावत ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। पुरस्कार मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में शिक्षिका सलोनी शर्मा, दीप्ति शर्मा एवं मुस्कान सैन सहित विद्यालय और हॉस्टल का स्टाफ तथा बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे। शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस आयोजन ने दीपावली के उल्लास को और खास बना दिया। साथ ही बच्चों को अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक सोच विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी मिला।

0 Comments