कम्बाईन हार्वेस्टर में एसएमएस की अनिवार्यता और पराली प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित किसानों और हार्वेस्टर संचालकों को दिए गए निर्देश।

🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार नरवाई मुक्त मध्यप्रदेश अभियान प्रदेशभर में 30 अक्टूबर से 20 नवम्बर तक चलाया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कम्बाईन हार्वेस्टर मालिक/संचालकों, कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़े एवं उन्नतशील कृषकों की बैठक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे नरवाई मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। 
उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य द्वारा सभी कम्बाईन हार्वेस्टर मालिक और संचालकों को फसल कटाई के उपरांत शेष बचे फसल अवशेष (नरवाई) का तुरंत निपटान करने की सख्त समझाइश दी गई। 
साथ ही यह भी बताया गया कि जिले में पराली एवं नरवाई के सुचारू प्रबंधन हेतु विकासखंड कोलारस, पिछोर और नरवर में कंप्रेस बायोगैस प्लांट की स्थापना के लिए भूमि का चिन्हांकन किया जा रहा है तथा निजी क्षेत्र के दो प्लांटों से संपर्क कर फसल कटाई के बाद फसल अवशेष क्रय करने हेतु विचार-विमर्श किया जा रहाहै।
बैठक में सहायक कृषि यंत्री भगवान सिंह नरवरिया द्वारा किसानों को पराली एवं नरवाई प्रबंधन में उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे वेलर, सुपरसीडर, मल्चर, हैप्पीसीडर, रोटावेटर आदि की जानकारी दी गई और इन पर शासन द्वारा मिलने वाले अनुदान के बारे में विस्तार से बताया गया। भारतीय किसान संघ जिला शिवपुरी के जिला अध्यक्ष ब्रजेश धाकड़ ने भी कम्बाईन हार्वेस्टर संचालकों से आग्रह किया कि वे कृषकों को नरवाई न जलाने के लिए प्रेरित करें तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया।

Post a Comment

0 Comments