मिलिट्री एरिया का बताया जा रहा ड्रोन, सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने लिया कब्जे में
🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/ जो दिखे उसके पार-शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढांड में उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब आसमान से एक ड्रोन कैमरा नीचे आ गिरा। गांव में ड्रोन गिरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आसमान से गिरी इस संदिग्ध वस्तु को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार एवं दिनारा थाना पुलिस की टीम तत्काल ग्राम ढांड पहुंची। अधिकारियों ने मौके का जायजा लेते हुए ड्रोन कैमरे को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि उक्त ड्रोन मिलिट्री एरिया से संबंधित हो सकता है। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति और ड्रोन के गांव में गिरने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मिलिट्री से संबंध होने की चर्चा जांच के बाद होगा खुलासा
गांव में ड्रोन कैमरा गिरने की घटना के बाद सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर यह ड्रोन कहां से आया, किस उद्देश्य से उड़ाया जा रहा था और यह अचानक ग्राम ढांड में कैसे गिरा, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। ड्रोन की पहचान, उसके मालिकाना हक और मिलिट्री क्षेत्र से संभावित संबंधों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

0 Comments