🔍 संपादक - खबर एक्स-रे/जो दिखे उसके पार - आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच।
शिवपुरी जिले में उर्वरकों के अवैध परिवहन, भंडारण और वितरण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ क्षेत्र में 200 बैग डीएपी उर्वरक जब्त किए गए हैं। मामले में थाना बैराड़ में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई। उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य के भ्रमण पर बैराड़-पोहरी मुख्य मार्ग पर अनाज मंडी बैराड़ के आगे टाटा एलएमडी ट्रक क्रमांक एमपी 07 जीबी 0631 से 50-50 किलोग्राम वजन वाले डीएपी उर्वरक के 200 बैग परिवहन किए जा रहे थे। मौके पर संबंधित व्यक्तियों के कथनों, पंचनामा तथा अन्य दस्तावेजों के आधार पर जब्त उर्वरक गोरेलाल ऊपप्पन जाटव निवासी नई बस्ती रिठोनिया, कैलारस, जिला मुरैना का होना बताया गया। मामले में प्रथम दृष्टया नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विकासखंड पोहरी के उर्वरक निरीक्षक मुकेश कुमार दनेलिया ने थाना बैराड़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रबी सीजन को लेकर उर्वरक वितरण पर निगरानी
कृषि विभाग के अनुसार, रबी सीजन 2026-27 को ध्यान में रखते हुए जिले में उर्वरक और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की सलाह
कृषि विभाग ने किसानों को रबी फसलों की बोनी के दौरान डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके मिश्रित उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी है। इनमें 12:32:16, 16:16:16, 20:20:0:13, 10:26:26 और 14:35:14 जैसे ग्रेड शामिल हैं। विभाग के अनुसार, फसल और मिट्टी की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का उपयोग करने से जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति, फसल की गुणवत्ता और मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिलती है।

0 Comments